भाजपा की तानाशाह सरकार सरेआम कर रही है लोकतंत्र की हत्या : मनोज अग्रवाल
चंडीगढ़ कूच से पहले कांग्रेसी नेता मनोज अग्रवाल व प्रियंका अग्रवाल को पुलिस ने किया नजरबंद
फरीदाबाद। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत चंडीगढ़ में आयोजित हरियाणा विधानसभा घेराव कार्यक्रम को लेकर बल्लभगढ़ सिटी एसएचओ के अगुवाई में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज अग्रवाल और महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव प्रियंका अग्रवाल के बल्लभगढ़ स्थित निवास पर मंगलवार की शाम से ही पुलिस की सख्त पहरेदारी देखी गई, उसके बाद बुधवार सुबह जब मनोज व प्रियंका अग्रवाल अपने सैंकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ चंडीगढ़ कूच करने की तैयारी में थे उस वक्त सुबह पांच बजे भारी पुलिस बल ने उन्हें हॉउस अरेस्ट कर दिया। इस दौरान सेक्टर 02, बल्लभगढ़ स्थित उनके निज निवास पर किसी को भी अंदर आने या बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष में आकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यह भी पढ़ें
पुलिस की इस नजरबंद कार्यवाही पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मनोज अग्रवाल ने कहा कि हम जननायक राहुल गांधी और हरियाणा की भावी मुख्यमंत्री कुमारी सैलजा के सिपाही हैं, इस पुलिसिया दमन के आगे न हम डरेंगे, न झुकेंगे और न ही रुखेंगे। आज भाजपा सरकार लोकतांत्रिक विरोध से घबराई हुई है और नेताओं को चंडीगढ़ आने की अनुमति दी जानी चाहिए थी। आखिर हमारे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को रोकने की क्या वजह है। आज यह भाजपा सरकार जितनी ताकत से भारी पुलिस बल मुझे चंडीगढ़ जाने से रोकने के लिए भेज रही है, रात भर पुलिस का सख्त पहरा मेरे निवास पर रख रही है अगर पुलिस प्रशासन यही तत्परता बल्लभगढ़ विधानसभा में अपराधों को रोकने के लिए दिखाए तो हमारे बल्लभगढ़ की दिशा और दशा को बदला जा सकता है।
आज हमारा बल्लभगढ़ अपराधियों की शरण स्थली बन चूका है और भाजपा सरकार की लचर कानून व्यवस्था उन अपराधियों के आगे शुन्य साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमें सडक़ पर तो रोक सकती है, लेकिन जनता की आवाज को नहीं दबा सकती। कांग्रेस पार्टी सडक़ों से लेकर सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी। मनरेगा आम आदमी की जरूरत है और बीजेपी डर के कारण पुलिस का सहारा ले रही है। बीजेपी सरकार जो भी जनविरोधी नीतियां लाएगी, कांग्रेस उसका डटकर विरोध करेगी। लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने का हक है।
