नकल-मुक्त बोर्ड परीक्षाओं के कड़े सुरक्षा प्रबंध को लेकर
डीसी आयुष सिन्हा ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण
फरीदाबाद । हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के नकल-मुक्त और निष्पक्ष आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जिला के विभिन्न परीक्षा केन्द्रो का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नकल रहित परीक्षा कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की एंट्री प्रक्रिया, फ्रिस्किंग और सुरक्षा प्रबंधों के साथ साथ किसी भी अनियमित गतिविधि की संभावना को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं जानकारी ली। उन्होंने सभी कक्षाओं का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था, परीक्षा देने की प्रक्रिया तथा अनुशासन की स्थिति का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि नकल या किसी भी प्रकार की अनियमितता में लिप्त पाए जाने वाले अभ्यर्थियों और सहयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और विद्यार्थियों को ईमानदारी व पूर्ण तैयारी के साथ परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित करें।
बॉक्स
फरीदाबाद एसडीएम अमित कुमार, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद और बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्र राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल तिगांव, सेक्टर- 10 स्थित के एल मेहता पब्लिक स्कूल, सेक्टर- 08 स्थित राजकीय कन्या विद्यालय, सेक्टर- 03 स्थित राजकीय बाल विद्यालय और राजकीय कन्या विद्यालय और श्याम कॉलोनी स्थित सद्भावना स्कूल का निरीक्षण किया और परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। साथ ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी सुनिश्चित की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कंट्रोल रूम, उत्तर पुस्तिकाओं के रखरखाव और परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था को बारीकी से देखा। उन्होंने सुनिश्चित किया कि सभी व्यवस्थाएं शासन के निर्देशों के अनुरूप हों। साथ ही उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की व्यापक व्यवस्था हो इसकी भी जानकारी ली। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर मौजूद अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिये कि परीक्षा के दौरान सतर्कता बरती जाए।
