480 बोतल अवैध शराब बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद। पुलिस ने अवैध शराब तस्करी करते हुए थाना धौज क्षेत्र में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 480 बोतल (40 पेटी) अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस्माइल उर्फ रिजु निवासी तावडू तथा सोहिल निवासी गांव नाई नगला, तावडू के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बोलेरो गाड़ी में शराब लेकर फरीदाबाद की तरफ आ रहे थे, जिन्हें पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 मार्च को थाना धौज की पुलिस टीम पाखल टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग के लिए नाका लगाए हुए थी। इसी दौरान पुलिस को एक बोलेरो गाड़ी संदिग्ध हालत में आती दिखाई दी।
पुलिस टीम ने गाड़ी को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी से 480 बोतल (40 पेटी) अवैध अंग्रेजी शराब मैकडॉवेल्स नंबर-1 बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी तावडू से बोलेरो गाड़ी में शराब भरकर फरीदाबाद में सप्लाई करने के लिए आ रहे थे। बरामद की गई बोलेरो गाड़ी आरोपी इस्माइल की बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह शराब कहां से लेकर आए थे। और फरीदाबाद में किन लोगों को सप्लाई की जानी थी।
