स्वच्छता वीरांगनाओं का सम्मान, महिला दिवस पर नारी शक्ति को सलाम

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल के 40 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित 15 किमी विंटेज कार हेरिटेज रैली में की सहभागिता 

फरीदाबाद । फरीदाबाद में समाज सेवा, स्वास्थ्य सेवा और विरासत के सम्मान को समर्पित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल फरीदाबाद के 40 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य विंटेज कार हेरिटेज रैली का आयोजन किया गया। हेरिटेज मोटरिंग क्लब ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित इस 15 किलोमीटर लंबी रैली में 50 से अधिक विंटेज कारों और मोटरसाइकिलों ने भाग लिया। यह रैली केवल ऑटोमोबाइल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र ही नहीं रही बल्कि शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का एक अनूठा प्रयास भी बनी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल की 40 वर्षों की यात्रा केवल एक संस्थान की उपलब्धि नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा, विश्वास और सेवा भावना की एक प्रेरणादायी कहानी है। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और समस्त कर्मचारियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि पिछले चार दशकों में इस संस्थान ने हजारों परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ और नई उम्मीद प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि विंटेज कार हेरिटेज रैली हमारी विरासत और इतिहास को जीवंत रखने का एक सुंदर माध्यम है। इन गाड़ियों में उस दौर की तकनीक, शिल्पकला और मेहनत की झलक दिखाई देती है। ऐसी पहलें युवाओं को यह संदेश देती हैं कि आधुनिकता के साथ साथ अपनी परंपराओं और विरासत को संजोकर रखना भी उतना ही आवश्यक है।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी भी विशेष आकर्षण रही। श्री गोयल ने कहा कि हमारे वरिष्ठ नागरिक समाज के अनुभव, संस्कार और ज्ञान की अमूल्य धरोहर हैं। उनका जीवन अनुभव समाज को सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और उनका आशीर्वाद किसी भी शहर की सबसे बड़ी ताकत होता है।
इसके पश्चात अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सेक्टर 16 स्थित सागर सिनेमा कार्यालय में स्वच्छता वीरांगनाओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिला सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने इस अवसर पर स्वच्छता कार्य से जुड़ी माताओं और बहनों को नमन करते हुए कहा कि जब पूरा शहर सो रहा होता है उस समय ये स्वच्छता वीरांगनाएँ अपने कर्तव्य पर निकल पड़ती हैं ताकि फरीदाबाद स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे। उनका समर्पण, मेहनत और सेवा भावना वास्तव में समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का सही मापदंड उस समाज में महिलाओं की स्थिति से तय होता है। इसलिए महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी पहल और हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उठाए जा रहे कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं।
श्री गोयल ने कहा कि महिला स्वच्छता कर्मियों का सम्मान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान को स्वीकार करने और उन्हें प्रेरित करने का प्रयास है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने में इन वीरांगनाओं की भूमिका आगे भी इसी तरह महत्वपूर्ण बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद आज उद्योग, शिक्षा, आधारभूत ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और ऐसे आयोजन शहर की सकारात्मक पहचान को और मजबूत करते हैं।
अंत में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने दोनों आयोजनों से जुड़े सभी संस्थानों, आयोजकों और प्रतिभागियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि समाज सेवा, स्वास्थ्य और नारी सम्मान से जुड़े ऐसे कार्यक्रम समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा देने का कार्य करते हैं।
इस दौरान पार्षद प्रियंका सिंगला, बिष्ट बुधानी, सचिन शर्मा,  रूमा नंबरदार, जिला सचिव पुनीता झा, तृप्ति माला मंडल अध्यक्ष, फोर्टिस हेल्थकेयर के जोनल डायरेक्टर मोहित सिंह, हेरिटेज मोटरिंग क्लब ऑफ इंडिया के महासचिव दिलजीत टाइटस तथा फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल फरीदाबाद के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ अभिषेक शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
You might also like