सुपरवाइजर की मौत मामले में कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया धरना

फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में स्थित मशहूर हेलमेट निर्माता स्टड्स कंपनी में बुधवार को सैकड़ों कर्मचारी काम बंद कर धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों का विरोध कंपनी के लाइन सुपरवाइजर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर था। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश पाल (42) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला था। मुकेश पिछले करीब 18 साल से कंपनी में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात नाइट ड्यूटी के दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। परिजनों का आरोप है कि तबीयत बिगडऩे के बावजूद कंपनी प्रबंधन की ओर से उसे बाहर जाने के लिए गेट पास नहीं दिया गया।

जिसके कारण उसे समय पर इलाज नहीं मिल सका और उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई धीरज का कहना है कि मुकेश की तबीयत खराब होने की जानकारी परिवार को नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी स्टाफ ने घटना की सूचना तब दी, जब मुकेश की मौत हो चुकी थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी की ओर से अब तक मौत को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है। बुधवार सुबह कंपनी के सैकड़ों कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मृतक के परिजनों और कर्मचारियों ने मांग की, कि मुकेश पाल के परिवार के एक सदस्य को कंपनी में नौकरी दी जाए और उचित मुआवजा भी दिया जाए। इस मांग को लेकर कई घंटे तक काम पूरी तरह ठप रहा। काम बंद होने की सूचना मिलने पर सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कंपनी प्रबंधन से बातचीत कराई। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

You might also like