कृत्रिम अभाव की अफवाहों पर न जाए जनता, गैस-पेट्रोल की सप्लाई पूरी: कृष्णपाल

फरीदाबाद। रसोई गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की किल्लत की अफवाहों पर विराम लगाते हुए केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने शनिवार को स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को कालाबाजारी और ओवर रेटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिला सचिवालय में समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने बताया कि रिफाइनरीज ने उत्पादन 28 फीसदी तक बढ़ा दिया है। उन्होंने जनता से अपील की कि युद्ध या संकट की अफवाहों में आकर पैनिक बुकिंग न करें। पिछले 15 दिनों में उपभोक्ताओं की संख्या में कोई असामान्य बढ़ोतरी नहीं हुई है, इसलिए लाइनों में लगने की आवश्यकता नहीं है। गैस वितरकों ने जानकारी दी कि पैनिक बुकिंग के कारण सर्वर पर लोड बढ़ा है, जिसे ठीक किया जा रहा है।

कृष्णपाल गुर्जर ने आश्वस्त किया कि एलपीजी और पीएनजी की घर-घर आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहेगी। बैठक में उपायुक्त आयुष सिन्हा, एसडीएम अमित कुमार और डीएफएससी कविता सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि अब तक कालाबाजारी के चार मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है और निगरानी जारी है।

You might also like