संदिग्ध मांस से भरी वैन रोकी, जांच में मुर्गे का निकला

फरीदाबाद। शहर में संदिग्ध मांस से भरी एक इक्को वैन को एक वेज बिरयानी विक्रेता ने शक के आधार पर बीच रास्ते में रुकवा दिया। युवक को आशंका थी कि वैन में मुर्गे का नहीं बल्कि किसी अन्य जानवर का मांस ले जाया जा रहा है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वैन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना गुरु तेग बहादुर चौक गोल चक्कर की बताई जा रही है। यहां करण भाटी नाम का युवक चौधरी वेज बिरयानी के नाम से ठेला लगाता है।

रविवार सुबह के समय आर्यन और साहिल नाम के दो युवक अपनी इक्को वैन लेकर उसकी दुकान पर पहुंचे और खाना खाने के लिए रुके। इसी दौरान करण को वैन के अंदर से तेज बदबू आने लगी, जिससे उसे शक हुआ। करण ने दोनों युवकों से वैन में रखे सामान के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि उसमें मांस रखा है। जब करण ने पूछा कि यह किस जानवर का मांस है तो युवकों ने साफ जवाब नहीं दिया। इससे उसका संदेह और बढ़ गया। कुछ देर बाद जब दोनों युवक वहां से जाने लगे तो करण ने उन्हें रोक लिया और वैन के अंदर देखकर वीडियो बना ली।

बताया जा रहा है कि करण ने मांस को संदिग्ध बताते हुए वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी, जो तेजी से वायरल हो गई। इसके बाद उसने पुलिस को भी सूचना दे दी कि कुछ लोग संदिग्ध मांस लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वैन को कब्जे में लेकर दोनों युवकों को थाने ले आई। पुलिस पूछताछ में युवकों ने बताया कि वैन में मुर्गे का मांस है, जिसे फरीदाबाद से दिल्ली के गाजीपुर मंडी क्षेत्र में ले जाया जा रहा था। पुलिस द्वारा मांस का बिल मांगने पर उन्होंने पोल्ट्री फर्म का बिल भी दिखा दिया, जो वैन में रखे मांस की मात्रा से मेल खाता था।

You might also like