सरूरपुर स्वर्ण लूट का मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे, 64 लाख की लूट के बाद से था फरार

फरीदाबाद। सरूरपुर में ज्वेलरी शॉप से 64 लाख रुपये के सोने की लूट मामले में वांछित चल रहा कुख्यात बदमाश धर्मवीर उर्फ बाबू मंगलवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। सूरजकुंड शूटिंग रेंज रोड पर हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी पर हरियाणा और उत्तर प्रदेश में लूट व हत्या के प्रयास जैसे करीब 11 संगीन मामले दर्ज हैं।

क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर दिल्ली से सूरजकुंड की तरफ आ रहा है। पुलिस टीम ने जब उसे रुकवाने का प्रयास किया, तो उसने रुकने के बजाय पुलिस पर दो फायर कर दिए। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। मौके से एक अवैध पिस्टल और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

जेल में रची गई थी लूट की साजिश
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) वरुण कुमार दहिया ने बताया कि 11 मार्च को आरोपी साकिब, जावेद, धर्मवीर और रिहान गांव सरूरपुर स्थित संजय वर्मा की दुकान पर पहुंचे थे। वहां जावेद और रिहान हथियार लेकर दुकान के अंदर घुसे और सोने के आभूषण लूट लिए। साकिब बाहर मोटरसाइकिल चालू कर खड़ा था, जबकि धर्मवीर हथियार लेकर दुकान के पास ही निगरानी कर रहा था ताकि कोई बाधा आने पर वह गोली चलाकर अपने साथियों को निकाल सके। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात को अंजाम देने से पहले रिहान ने दुकान की रेकी की थी। इन सभी आरोपियों की आपस में उत्तर प्रदेश की जेल में मुलाकात हुई थी, जहाँ इन्होंने लूट की योजना बनाई। वारदात में दिल्ली के रमेश पार्क से चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल का प्रयोग किया गया था। फिलहाल, आरोपी धर्मवीर के खिलाफ थाना सूरजकुंड में पुलिस पर हमला करने और हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

You might also like