निगम सदन की बैठक में लगभग 2236 करोड़ का बजट हुआ पारित
महापौर बोली, मजबूत होगी सीवरेज व्यवस्था, जल भराव को किया जाएगा दूर
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के 1875 करोड़ के बजट को वित्तीय वर्ष 2026-27 में बढ़ाकर लगभग 2236 करोड़ निर्धारित किया गया है। शनिवार को आयोजित निगम सदन की बैठक में बजट प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि बजट में यह वृद्धि निगम की वित्तीय सुदृढ़ता एवं शहर के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। वित्तीय वर्ष निगम का ओपनिंग बजट 518 करोड़ रुपए था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में नगर निगम द्वारा 110.69 करोड़ का कर राजस्व अर्जित किया गया, जिसे वर्ष 2026-27 में बढ़ाकर 184 करोड़ तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे राजस्व संग्रहण प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाया जाएगा। इसी में टाउन प्लानिंग शाखा द्वारा वर्ष 2025-26 में 48.75 करोड़ के लक्ष्य के विरुद्ध 71.63 करोड़ की आय अर्जित की गई, जो लक्ष्य से अधिक है। महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु विभिन्न प्रमुख मदों में बजट प्रावधान में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
जल आपूर्ति के लिए 15 करोड़ से बढ़ाकर 20 करोड़ तथा रख-रखाव हेतु 20.50 करोड़ से बढ़ाकर 23.50 करोड़ का प्रावधान किया गया है। सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था के लिए 10 करोड़ से बढ़ाकर 50 करोड़ तथा रख-रखाव हेतु 13 करोड़ निर्धारित किए गए हैं। वहीं खेल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के अंतर्गत पार्क, ग्राउंड एवं जिम के लिए 17.85 करोड़ से बढ़ाकर 22.50 करोड़ तथा रख-रखाव हेतु 27.55 करोड़ का प्रावधान किया गया है। सडक़ एवं पुल निर्माण के लिए 17 करोड़ से बढ़ाकर 18 करोड़ तथा मरम्मत कार्य हेतु 23 करोड़ निर्धारित किए गए हैं। सीवरेज एवं ड्रेनेज के लिए 22 करोड़ से बढ़ाकर 23.70 करोड़ तथा रख-रखाव हेतु 36 करोड़ का प्रावधान करने का प्रस्ताव रखा गया है, साथ ही स्टॉर्म वाटर ड्रेन्स हेतु एक करोड़ निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अन्य प्रमुख मदों में जल शुद्धिकरण हेतु 3 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़, भवन हेतु 7.70 करोड़ से बढ़ाकर 12.85 करोड़ तथा टी.पी. स्कीम (टाउन प्लानिंग स्कीम) के अंतर्गत 21.25 करोड़ से बढ़ाकर 173.50 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त श्वङ्खस् फ्लैट्स हेतु 5 करोड़ का प्रावधान किया गया है। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के क्षेत्र में वर्ष 2025-26 में 42 करोड़ के व्यय के मुकाबले वर्ष 2026-27 में 167.80 करोड़ व्यय किए जाने का अनुमान है। इसमें कचरा उठान, कैटल पाउंड, सेग्रीगेटेड वेस्ट डिस्पोजल एवं अन्य स्वच्छता संबंधी कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही प्रॉपर्टी टैक्स कलेक्शन, विज्ञापन से प्राप्त होने वाली आमदनी सहित नए स्त्रोतों से प्राप्त होने वाली आमदनी की रिकवरी पर भी और अधिक जोर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें
महापौर ने बताया कि निगम इस बार वाटरलॉगिंग की समस्या को दूर करने और सीवर व्यवस्था को बेहतर करने , सफाई व्यवस्था को और भी दुरुस्त करने और हरित फरीदाबाद की दिशा में कार्य करेगी। उनका कहना है की नगर निगम इस बार सीवर लाइन से लेकर पीने के पानी के साथ-साथ सडक़ सहित मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर देगी ताकि फरीदाबाद निगम का विकास कार्य अन्य निगमों की अपेक्षा अधिक मजबूर और सुंदर बन सके। फरीदाबाद क्षेत्र के विकास के लिए और आमजन के हितों को ध्यान में रखकर बजट तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि यह बजट पास करने से पहले सभी पार्षदों के सुझाव प्री बजट बैठक में लिए गए थे।
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और उपस्थित विधायकों ने कि सर्वसम्मति से पास हुए निगम के बजट पर नगर निगम महापौर सहित समस्त पार्षद गणों को बधाई। निगम सदन की बैठक में सभी पार्षदों के अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, विधायक पंश मूलचंद शर्मा, विधायक धनेश अदलखा, विधायक सतीश फ़ागना,निगम कमिश्नर धीरेंद्र खडग़टा,एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा, एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल,निगम के सचिव जितेंद्र जोशी, वित्तीय नियंत्रक प्रदीप पूनिया के अलावा सभी जॉइंट कमिश्नर और अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे।
