श्याम भक्त कन्हैया मित्तल के भजनों पर जमकर झूमे श्रद्धालु

अजय गौड़ द्वारा आयोजित ‘एक शाम सांवरिया के नाम’ धार्मिक कार्यक्रम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

फरीदाबाद। हर वर्ष की भांति इस बार भी हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2083 के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के पूर्व राजनैतिक सचिव एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय गौड़ तथा जय श्री राम मित्र मंडल के संयुक्त तत्वाधान में सेक्टर-17 स्थित हुडा ग्राउंड में ‘एक शाम सांवरिया के नाम’ धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के हजारों लोगों ने शिरकत करते हुए इस भक्तिमय संध्या का आनंद उठाया। सर्वप्रथम ब्रह्मलीन गुरु मां सावित्री बाई जी के सुपौत्र राहुल शर्मा (सन्नी भईया) ने ज्योत प्रचण्ड करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके उपरांत प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल ने खाटू श्याम बाबा के प्रसिद्ध भजनों से समां बांध दिया। इस दौरान उन्होंने ‘हारा हूं बाबा पर तुझपे भरोसा है, जीतूंगा एक दिन मेरा दिल ये कहता है, ‘ओ सांवरे मुझे तेरी जरुरत है, ‘गजब मेरे खाटू वाले गजब थारे ठाठ निराले, ‘सेठों के सेठ बाबा श्याम है, ‘हम हारे हारे हारे तुम हारे के सहारे’ जैसे भजन गाए, जिससे वहां मौजूद भक्तजन भाव विभोर होते हुए जमकर झूमे।

इसी के साथ-साथ कोलकाता से आए प्रसिद्ध कलाकार शुभम रुपम की जोड़ी, कानपुर से श्री राम पाण्डेय जी सहित अन्य कलाकारों ने भी अपने-अपने भजनों मेें श्याम बाबा का जमकर गुणगान किया और भक्तजनों का मन मोहा। कार्यक्रम में श्री सिद्धदाता आश्रम के अधिष्ठाता श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्रीपुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने भी शिरकत करके भक्तजनों को आर्शीवाद दिया और कार्यक्रम की जमकर प्रशंसा की। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री चौ. कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्णलाल मिड्ढा, पवन जिंदल, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, राज्यमंत्री राजेश नागर, गौरव गौतम, पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, विधायक हरेंद्र  रामरत्न, कृष्ण कुमार, कंवर सिंह यादव, सतीश फागना, धनेश अदलखा सहित अनेकों गणमान्य लोगों ने शिरकत करते हुए बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई।

इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता अजय गौड़ ने कहा कि हर सनातनी के लिए उसका धर्म सर्वाेपरि होता है और अपने धर्म का प्रचार-प्रसार करना हर व्यक्ति का दायित्व बनता है इसलिए हर सनातनी को ऐसे कार्याे में अपनी भागेदारी निभाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्याम बाबा के आर्शीवाद से वह पिछले कई वर्षाे से हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत के अवसर पर इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कराते आ रहे है ताकि समाज में सुख-समृद्धि कायम रहे और लोगों में अपने धर्म के प्रति और आस्था बढ़े। उन्होंने कहा कि आज मनुष्य सुबह से लेकर रात तक अपने कार्याे में इतना व्यस्त हो गया है कि उसे परमात्मा की अराधना का समय तक नहीं मिलता, ऐसे में इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों में शामिल होने से जहां लोगों को मन की शांति मिलती है, वहीं आत्मिक ज्ञान भी हासिल होता है।

उन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भजन गायकों सहित पूरी टीम का आभार जताया और विश्वास दिलाया कि आगे भी वह इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता, पूर्व वरिष्ठ उपमहापौर देवेंद्र चौधरी, महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया, पूर्व चेयरमैन विनोद चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, प्रवीण चौधरी, नयनपाल रावत, जाकिर हुसैन, डा. एस.एस. बंसल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोल्डी अरोड़ा, धर्मबीर भड़ाना, शोभित अरोड़ा, एलविश यादव, पार्षद वीरेंद्र भड़ाना, साहिल अरोड़ा, कविन्द्र चौधरी, पारस राय, डा. आरएन सिंह, रंजीत रावल सहित शहर के धार्मिक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, उद्योगपति, शिक्षाविद, आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों सहित हजारों गणमान्य लोगों ने श्याम बाबा से आर्शीवाद लिया।

You might also like