कंपनी परिसर में घुसकर हमला तथा तोड़फोड़ मामले में क्राइम ब्रांच पलवल ने आधा दर्जन आरोपियों पर कसा शिकंजा

पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसपी पलवल वरुण सिंगला के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में जिला पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है इसी कड़ी में मुंडकटी थाना अंतर्गत बंचारी गांव स्थित कंपनी परिसर के समीप दो युवकों पर हमला तथा तोड़फोड़ मामले में क्राइम ब्रांच पलवल ने सभी आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान गांव बंचारी निवासी कृष्णा, प्रशांत गौरव, बबली, देवेंद्र और योगेश के रूप में हुई है।

क्राइम ब्रांच पलवल प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के अनुसार मामले में डकौरा गांव के रहने वाले भगत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन मार्च को वह और उनका छोटा भाई मनोज कुमार बंचारी पंचायत भवन के पास स्थित अर्निका हेल्थटेक कंपनी के बाहर बैठे थे। तभी एक सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली कार से सात-आठ युवक उतरे। उनके हाथों में तमंचा, तलवार, राड और हाकी स्टिक जैसे हथियार थे। पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने शांति बनाने की बात कही, तो हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया।

जान बचाने के लिए मनोज कंपनी परिसर के अंदर भागा, लेकिन हमलावर जबरन दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। वहां उन्होंने मनोज को फावड़े और राड से पीटा। पूरी वारदात कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। हमले के बाद आरोपितों ने बाहर खड़ी मनोज की ग्रैंड विटारा कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया तथा धमकी देकर फरार हो गए।

आगे प्रभारी क्राइम ब्रांच पलवल ने बताया कि मामले में क्राइम ब्रांच पलवल के एएसआई श्रीचंद की जांच इकाई ने दिनांक 30 मार्च 2026 को गांव बंचारी निवासी कृष्णा और प्रशांत को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इसके उपरांत आज आरोपी गौरव, बबली, देवेंद्र और योगेश गिरफ्तार किए गए है। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त गाड़ी इनोवा तथा 2 डंडे आदि बरामद किए है। आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही जारी है।

You might also like