फरीदाबाद। दो दिन पूर्व मर्सिडीज की टक्कर लगने से जख्मी हुए डिलीवरी बॉय की मंगलवार को अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार मृतक युवक आनंद राज बिंद युपी के मिर्जापुर का रहे वाला था। पिछले कई सालों से वह गांव भतौला में चंदीला चौक के पास किराए रह रहा था। बीते 29 मार्च की रात सेक्टर 15 में फायर बिग्रेड ऑफिस के सामने बत्ती पर एक तेज स्पीड़ सफेद रंग की मर्सिडीज ने उसको पीछे से उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें
तेज स्पीड़ में टक्कर होने के कारण बाइक सहित वह दूर जाकर गिर गया। मृतक आनन्द राज के भाई के मुताबिक जब वह मौके पर पहुंचा, तो उसका भाई बेहोश पड़ा हुआ था। टक्कर मारने वाली मर्सिडीज कुछ दूरी पर खड़ी हुई थी। उसने लोगों के मदद से एक निजी गाड़ी के सहारे आनन्द राज को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसको दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। दिल्ली में उन्होंने एक निजी अस्पताल में उसको भर्ती करा दिया।
जहां पर आज इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों के अनुसार आनन्द राज को दिल्ली के ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन वहां एडमिट नही किया गया। इसके बाद उसे सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंचे और बाद में उसको दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और मंगलवार को उसकी मौत हो गई। सेंट्रल थाना इंचार्ज राजवीर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मर्सिडीज कार का ड्राइवर मौके से फरार हो चुका था। पुलिस ने मौके से कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
