टोल दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी का भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान

- महंगाई की मार झेल रही लोगों की जेब खाली करने में लगी बीजेपी: नितिन सिंगला

फरीदाबाद। भारतीय जनता पार्टी के सड़क एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी द्वारा देश में टोल रेट बढ़ाए जाने के बाद जगह जगह इसका विरोध होने लगा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नितिन लखन सिंगला ने बढ़े हुए टोल रेट को लेकर बुधवार को प्रेसवार्ता का आयोजन ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अपने कार्यालय पर किया। प्रेस वार्ता के दौरान उनके साथ मुख्य रूप से प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़, महावीर बिश्नोई आरटीआई एक्टिविस्ट, सुंदर माहौर, वीरेंद्र वशिष्ठ, गुलशन कुमार, बंटी चौधरी, भूषण कुमार एवं हरिलाल गुप्ता मौजूद रहे।

नितिन सिंगला ने कहा कि देश पहले से ही एलपीजी और तेल संकट से जूझ रहा है, ऐसे में टोल दरों को बढ़ाना अनुचित है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि बदरपुर बॉर्डर टोल: ₹30 से बढ़ाकर ₹35 कर दिया गया है। फास्टैग न होने पर यूपीआई से ₹42.50 और कैश देने पर ₹70 वसूले जाएंगे। गदपुरी टोल: यहाँ की दर ₹120 से बढ़ाकर ₹130 कर दी गई है।

सिंगला ने तर्क दिया कि परिवहन विभाग की गाइडलाइन के अनुसार 60 किमी के दायरे में दूसरा टोल नहीं होना चाहिए। इसके विपरीत, फरीदाबाद में बदरपुर, गदपुरी और गुड़गांव रोड के तीनों टोल महज 30 किमी के दायरे में आते हैं। उन्होंने कहा कि रोड टैक्स और पेट्रोल सेस देने के बाद टोल टैक्स के रूप में जनता को तीसरी बार लूटा जा रहा है।

प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़ ने आरोप लगाया कि हरियाणा में टोल का व्यापार भाजपा नेताओं के हाथ में है और सरकार जनता पर 30 फीसदी अतिरिक्त टोल थोपने की तैयारी में है। कांग्रेस ने घोषणा की है कि चौधरी दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में बढ़े हुए रेट वापस लेने और समय सीमा पूरी कर चुके टोल प्लाजा को हटाने के लिए एक बड़ी मुहिम और आंदोलन छेड़ा जाएगा। इससे पूर्व सड़क एवं परिवहन मंत्री को मांग पत्र भी सौंपा जाएगा।

You might also like