जे.सी.बोस विश्वविद्यालय के मीडिया स्टूडियो का भ्रमण करने पहुंचे केएलपी कॉलेज रेवाड़ी के विद्यार्थी

फरीदाबाद। केएलपी कॉलेज रेवाड़ी के मीडिया विभाग के विद्यार्थियों ने फरीदाबाद के जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय वाईएमसीए के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस विजिट का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मीडिया की व्यावहारिक कार्यप्रणाली और अत्याधुनिक तकनीकी ढांचे से अवगत कराना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के डिजिटल स्टूडियो का बारीकी से अवलोकन किया। यहाँ उन्हें मल्टी-कैमरा सेटअप, लाइटिंग अरेंजमेंट और टेलीप्रॉम्प्टर के लाइव उपयोग के बारे में बताया गया। छात्रों ने न्यूज़ बुलेटिन के पीछे के तकनीकी तंत्र को समझने के साथ-साथ पीसीआर रूम, पोस्ट-प्रोडक्शन रूम और रेडियो रूम का भी दौरा किया। यहाँ उन्होंने वीडियो एडिटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन की बारीकियों को समझा।

मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो. पवन सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। एक सफल पत्रकार के लिए स्टूडियो संचालन, फोटोग्राफी, एडिटिंग और फिल्म मेकिंग का व्यावहारिक अनुभव होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इस तरह के अंतर-विश्वविद्यालय संवाद छात्रों के कौशल को निखारने में ‘मील का पत्थर’ साबित होंगे।

विजिट के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। उन्होंने न केवल उपकरणों के बारे में प्रश्न पूछे, बल्कि प्रोडक्शन टीम के मार्गदर्शन में खुद के न्यूज़ बुलेटिन भी रिकॉर्ड किए। इसके अलावा, छात्रों को विभाग द्वारा पुरस्कृत लघु फिल्में और डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गईं। फैकल्टी सदस्यों ने रेडियो रूम में टॉक-शो रिकॉर्डिंग का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।

इस भ्रमण दल का नेतृत्व केएलपी कॉलेज की फैकल्टी डॉ. अमित मेहता, डॉ. ए. निवेदिता, सुश्री अंकिता नैनावत और डॉ. रिचा शर्मा ने किया। भ्रमण के सफल आयोजन के लिए केएलपी कॉलेज की टीम ने जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो.राजीव कुमार, विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह, सहायक प्रोफेसर डॉ. राहुल आर्य और प्रोडक्शन टीम से वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी व प्रोडक्शन सहायक विशाल बेरवाल का विशेष रूप से धन्यवाद व्यक्त किया।

You might also like