गर्लफ्रेंड से मिलने आए युवक की चाकू मारकर हत्या, पांच आरोपित गिरफ्तार

फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र की नवीन नगर चौकी इलाके में दिल्ली निवासी एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के जैतपुर विस्तार निवासी 26 वर्षीय मानस राय 1 अप्रैल की रात अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने फरीदाबाद के रोशन नगर गली नंबर-1 में आया था। बताया जा रहा है कि उस समय युवती के पिता भी घर पर मौजूद थे। सभी लोग आपस में बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान युवती की छोटी बहन किसी बात को लेकर नाराज हो गई और उसने अपने कुछ जानकार युवकों को वहां बुला लिया। कुछ ही देर बाद युवती का जानकार अमन अपने साथी प्रिंस, रोशन, राहुल और अन्य युवकों के साथ मौके पर पहुंच गया। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने मानस राय के साथ कहासुनी शुरू कर दी, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई। आरोप है कि अमन ने अपनी जेब से चाकू निकालकर मानस राय पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने की कोशिश में हर्ष नामक युवक के हाथ में भी चाकू लग गया। इसके बाद आरोपियों ने मानस के साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। मारपीट के दौरान अमन ने दोबारा मानस राय के पेट में चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने घायल मानस राय को उठाकर पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान रात में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। इसके बाद मानस राय के जैतपुर निवासी पिता राजकुमार राय अस्पताल पहुंचे। वहां पुलिस भी मौजूद थी। पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

नवीन नगर चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि 1 अप्रैल की रात रोशन नगर में जैतपुर विस्तार दिल्ली निवासी युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस और रोशन निवासी रूपनगर जैतपुर दिल्ली, राहुल निवासी टेकराम कॉलोनी जैतपुर तथा हर्ष निवासी अर्पण विहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अमन की मृतक मानस राय के साथ पहले भी कहासुनी हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।

You might also like