एलपीजी स्टॉक की कोई कमी नहीं, मांग के अनुसार शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित
फरीदाबाद । उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जनता को आश्वस्त किया है कि क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पर्याप्त है और वितरण प्रणाली बिना किसी बाधा के काम कर रही है। उन्होंने निवासियों से आग्रह किया कि वे भ्रामक खबरों से बचें और डर के कारण सिलेंडरों का भंडारण न करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन तेल कंपनियों और वितरकों पर कड़ी नजर रखे हुए है ताकि सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) कविता सिंह परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की मांग के अनुसार 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है और किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं है।
डीएफएससी कविता सिंह परिहार ने विस्तृत आंकड़े साझा करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में कुल 23,717 घरेलू गैस सिलेंडरों की डिलीवरी उपभोक्ताओं को सफलतापूर्वक की गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वर्तमान में मांग के अनुरूप शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और स्टॉक की कोई कमी नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि चूंकि मांग और आपूर्ति के बीच कोई अंतर नहीं है, इसलिए वे गैस एजेंसियों पर अनावश्यक लाइन न लगाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जरूरत से ज्यादा सिलेंडर घर में रखना न केवल अनावश्यक है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी जोखिम भरा हो सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की सप्लाय निर्बाध रूप से जारी रहेगी, अतः जनता धैर्य बनाए रखे।
हेल्पलाइन नंबर पर आई शिकायतों का प्रशासन कर रहा तुरंत समाधान :
बल्लभगढ़ और एनआईटी फरीदाबाद के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी से गैस की गड़बड़ी पर सीधे करें संपर्क:
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कविता सिंह परिहार ने बताया कि विभाग ने जन शिकायतों के समाधान के लिए तंत्र को और मजबूत कर दिया है। आंकड़ों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 08 अप्रैल 2026 को टोल-फ्री नंबर पर कुल 06 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 04 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। शेष 02 शिकायतों पर विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी गैस की ओवर-रेटिंग (अधिक मूल्य वसूली), जमाखोरी या घरेलू सिलेंडरों का कमर्शियल इस्तेमाल दिखाई दे, तो वे तुरंत जिला हेल्पलाइन नंबर 0129-2288245 पर सूचित करें। इसके अलावा, क्षेत्रवार अधिकारी बल्लभगढ़ क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अजीत सिंह (मोबाइल नंबर: 9810212115) तथा एनआईटी फरीदाबाद क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी विनय मुद्गल (मोबाइल नंबर: 8168792654) को भी सीधे सूचना दी जा सकती है।
