फरीदाबाद में ALIMCO के सहायक उत्पादन केंद्र का शुभारंभ

फरीदाबाद । तिगांव विधानसभा क्षेत्र के गांव नवादा में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) के सहायक उत्पादन केंद्र का उद्घाटन केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर भी मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने बताया कि फरीदाबाद में स्थापित यह देश का सातवां ALIMCO केंद्र है, जो विशेष रूप से दिव्यांगजनों के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का एक मजबूत माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के जरिए न केवल कृत्रिम अंगों का निर्माण किया जा रहा है, बल्कि इससे जुड़े कार्यों के माध्यम से कई परिवारों की आजीविका भी सुनिश्चित हो रही है।
मंत्री बोले- देश में तैयार हो रहे कृत्रिम अंग :
उन्होंने यह भी कहा कि यह केंद्र लंबे समय से फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए उम्मीद और प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। यहां तैयार किए गए कृत्रिम अंग सीधे तौर पर दिव्यांगजनों तक पहुंचते हैं, जिससे वे आत्मसम्मान के साथ जीवन जी सकें और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।गुर्जर बोले- मोदी सरकार मुख्यधारा से जोड़ रही :
वहीं, सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से केंद्र सरकार ने दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए तेजी से कार्य किया है। सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, और आज वे शिक्षा, खेल और व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं ।

दिव्यांगताओं की श्रेणियों को बढाकर 21 किया :
उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में नए कानून के तहत दिव्यांगताओं की श्रेणियों को 7 से बढ़ाकर 21 कर दिया गया, जिससे पहले वंचित रहे हजारों लोगों को लाभ मिला। इसके अलावा, सरकारी नौकरियों में आरक्षण 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 4 प्रतिशत और शिक्षा में 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 प्रतिशत किया गया है।कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि पहले कृत्रिम अंग विदेशों, विशेषकर इंग्लैंड से मंगवाए जाते थे, लेकिन अब देश में ही आधुनिक तकनीक के साथ इनका निर्माण हो रहा है, जिससे दिव्यांगजनों के लिए बेहतर और सुलभ सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

You might also like