जनगणना में डिजिटल पहल: मेयर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने स्व-गणना प्रक्रिया में लिया भाग

फरीदाबाद । जनगणना कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने आज स्वयं अपनी ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) कर सरकार की इस विशेष पहल में भाग लिया। उन्होंने डिजिटल माध्यम से अपनी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जानकारी दर्ज कर शहरी और ग्रामीण इलाके के नागरिकों को इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। मेयर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि ‘स्व-गणना’ केवल एक सांख्यिकीय प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह भविष्य की सरकारी योजनाओं के सटीक क्रियान्वयन का आधार है।
 मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि भारत और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने के लिए सटीक डेटा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज मैंने स्वयं इस प्रक्रिया में भाग लेकर पाया है कि यह प्रक्रिया अत्यंत सरल, सुरक्षित और नागरिक-अनुकूल है। इसलिए आप सभी इस प्रकिया को अपनाए और स्वयं गणना करें। उन्होंने नागरिकों से विशेषकर युवाओं और शिक्षाविदों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे अपने मोबाइल या निकटतम सीएससी (CSC) केंद्रों के माध्यम से इस पहल का हिस्सा बनें और सरकार की इस पहल का लाभ उठाएं।
 इस अवसर पर जिला जनगणना समन्यव अधिकारी प्रशांत शर्मा और जनगणना निदेशालय एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
You might also like