फरीदाबाद में महिला से ढाई लाख रुपए हड़पे:इंग्लैंड भेजने का झांसा
फरीदाबाद में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला को इंग्लैंड ले जाने का झांसा देकर उससे ढाई लाख रुपए से अधिक की ठगी की गई। मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को बिहार के पटना से गिरफ्तार किया है।
वॉट्सएप कॉल से शुरू हुआ जाल
यह भी पढ़ें
पुलिस के अनुसार, पीड़िता को जनवरी 2026 में एक विदेशी नंबर (+92) से वॉट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को जानकार बताते हुए महिला से दोस्ती कर ली और भरोसा जीत लिया। इसके बाद आरोपी ने उसे इंग्लैंड ले जाने का लालच दिया।
आरोपी ने करंसी एक्सचेंज और अन्य खर्चों का बहाना बनाकर महिला से फरवरी से मार्च 2026 के बीच अलग-अलग खातों में ढाई लाख रुपए से ज्यादा ट्रांसफर करवा लिए। जिसके बाद आरोपी ने महिला का कॉल उठाना बंद कर दिया। महिला की शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना NIT में मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी अंकित, रविकांत और बिट्टू मिलकर बैंक खातों को ऑपरेट करते थे। ठगी की रकम खाते में आने के बाद वे नकद निकालकर या CDM के जरिए अन्य खातों में जमा कर देते थे। वहीं, आखिर आलम भी दो अन्य खातों को संभाल रहा था। चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुटी है।
