नीट (यूजी) परीक्षा 2026 : जिला में 18 परीक्षा केंद्र, 6436 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
डीसी आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में जिला प्रशासन ने बैठक कर परीक्षा तैयारियों की समीक्षा की
फरीदाबाद। आगामी तीन मई को जिला में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा 2026 के लिए 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। एचएसवीपी कन्वेंशन हॉल में परीक्षा केंद्र अधीक्षकों, पेपर वितरण अधिकारियों व ड्यूटी मजिस्ट्रेट्स के साथ अलग-अलग सत्रों में बैठक कर परीक्षा से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त आयुष सिन्हा, एडीसी अंजली श्रोत्रिया व एसडीएम बडख़ल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित पुलिस विभाग एवं अन्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा नीट यूजी परीक्षा तीन मई को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा एक ही शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। देशभर में लगभग 22 लाख विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे, जबकि हरियाणा में 65,300 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। फरीदाबाद जिले में इस परीक्षा के लिए 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 6436 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। डीसी ने बताया कि आयोग द्वारा अभ्यर्थियों के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश केवल वैध एडमिट कार्ड और मूल पहचान पत्र के आधार पर ही दिया जाएगा।
मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, पेन स्कैनर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी एवं एडीसी अंजली श्रोत्रिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला के सभी परीक्षा केंद्रों पर जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए है। जिला में परीक्षा को लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 लगा दी गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन,मोबाइल जैमर, बैगेज प्रबंधन आदि इंतजामों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। एडीसी ने बताया कि परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी लगाए गए है। परीक्षा के लिए जिला में सभी परीक्षा केंद्रों में पीने के पानी, रोशनी व दीवार घड़ी आदि के प्रबंध भी कर लिए गए है।
