महिला डॉक्टर की उनके क्लिनिक के ऊपर कमरे में चाकू से गोदकर हत्या

फरीदाबाद: पहली घटना विष्णु कॉलोनी की हैं। जहां बुधवार को दिनदहाड़े एक महिला डॉक्टर प्रियंका की उनके क्लिनिक के ऊपर स्थित कमरे में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव करीब 10 घंटे तक कमरे में पड़ा रहा, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब रात को परिवार के लोग क्लिनिक पहुंचे, तो कमरे में खून से लथपथ शव देखकर उनके होश उड़ गए।

मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों ने बताया कि उन्होंने प्रियंका से सुबह 11 बजे फोन पर बात की थी। इसके बाद बार-बार कॉल करने पर भी फोन बंद मिला। परेशान होकर जब वे बल्लभगढ़ पहुंचे, तो पहले सेक्टर-12 कोर्ट अपने जानकार के पास गए और फिर पुलिस को सूचना दी।

डायल 112 की टीम क्लिनिक पर पहुंची, लेकिन ऊपर जाकर देखने की जरूरत नहीं समझी और यह कहकर चले गए कि प्रियंका वहां नहीं हैं। जब रात 9 बजे परिजन खुद क्लिनिक पहुंचे और ऊपर जाकर देखा, तो प्रियंका का शव बेड के किनारे पड़ा मिला। पूरे कमरे में खून बिखरा हुआ था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद जांच शुरू हुई। मृतका की बहन पूजा ने बताया कि प्रियंका को कई दिनों से धमकियां मिल रही थीं, जिसकी शिकायत आदर्श नगर थाने में पहले ही दर्ज कराई गई थी। लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

वहीं पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है। लेकिन क्या यह हत्या केवल घरेलू कलह का नतीजा है, या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश है? यह तो जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तारी कर लिया जाएगा।

You might also like