फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर 22 लाख ठगने वाला मास्टरमाइंड सहित दो गिरफ्तार

फरीदाबाद। साइबर थाना सेंट्रल टीम ने फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर ठगी करने वाले मास्टरमाइंड सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर व्यक्ति को झांसे में लिया और 22 लाख से अधिक की ठगी की थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सफवान खान (25) व साबिर(35) के रूप में हुई है। दोनों फिरोजपुर झिरका नूंह के रहने वाले है।

पुलिस प्रवक्ता ने बतलाया कि सेक्टर-30 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 3 अक्टूबर 2024 को उसके पास व्हाट्सएप पर कॉल आया और सामने से न्यूड महिला कॉल पर आई। इसके बाद बाद 5 अक्तूबर को फर्जी सीबीआई अधिकारी बन ठगों का कॉल आया कि जिस लड़की से उसकी बात व्हाट्सएप पर हुई थी, उसने आत्महत्या का प्रयास किया है और तुम्हारा का नाम शिकायत में लिखा है। ठगों ने शिकायतकर्ता को बताया कि लड़की मामले को निपटाने की ऐवज में 30 लाख रूपये मांग रही है। जिस पर शिकायतकर्ता ने इज्जत के डर से ठगों के पास अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 22.42 लाख रुपये भेजे। जिसकी शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए थाना साइबर सेंट्रल की टीम ने आरोपी सफवान खान(25) व साबिर(35) को फिरोजपुर झिरका से गिरफ्तार किया। आरोपी साबिर(35) से पूछताछ में सामने आया कि वह इस गिरोह का मास्टरमाइंड है, जो सुपरविजन के साथ-साथ ठगी के रुपयों के लिए बैंक खाते भी मैनेज करता था। आरोपी सफवान खान(25) एटीएम से पैसे निकालने का काम करता था। दोनों आरोपी सगे भाई हैं। साबिर बीए पास है तथा बिल्डिंग मटेरियल का काम करता है, वहीं सफवान बीए फाइनल ईयर की पढाई कर रहा है। मामले में पहले आरोपी मोहम्मद कैफ, साहिल व शाहरुख को गिरफ्तार किया जा चुका है।आरोपियों को आगामी पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

You might also like