लोकहित में संवाद की विधा ब्रह्मांड के आद्य पत्रकार देवर्षि नारद जी से शुरु हुई: विपुल गोयल

राज्य स्तरीय 10 वें देवर्षि नारद जयंती एवं पत्रकार समारोह में पत्रकार हुए सम्मानित

फरीदाबाद। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने देवर्षि नारद जयंती समारोह की बधाई देते हुए कहा कि वे ब्रह्मांड के प्रथम पत्रकार थे और लोकहित में सर्वप्रथम नारदजी से ही संवाद की विधा शुरु हुई। हमारे सामने नारद जी की चरित्र सत्यता पर अडिग रहने वाले पात्र के रुप में है,जोकि प्रेरणादायी है,लेकिन आज के समाज में यह कार्य कठिन जरुर है,मगर साथ ही इस मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कहा कि हमें जो भी सूचना देनी होती है वह सत्य और तथ्य पर आधारित होनी चाहिए।

गोयल रविवार को प्रदेश स्तरीय देवर्षि नारद जयंती एवं 10 वें पत्रकार सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रख्यात पत्रकार डा.अमित आर्य सहित अलग अलग श्रेणियों में मीडिया जगत से जुड़े प्रतिनिधियों को सम्मान स्वरुप प्रशस्ति पत्र,नगद पुरस्कार राशि,स्मृति चिह्न और पटका देकर कार्यक्रम के मुख्यातिथि एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तर क्षेत्र प्रचारक जतिन कुमार,पीपी स्टील कार्पोरेशन के चेयरमैन प्रेम पसरीचा,स्काईमैप फार्मास्यूटिकलस प्राईवेट लिमिटेड के एमडी संजय गुप्ता,विश्व संवाद केंद्र के अध्यक्ष डा.मार्कंडेय आहूजा और सचिव राजेश कुमार ने सम्मानित किया।

मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारत जिस दौर से गुजर रहा है,उसमें कोई भी ऐसा समाचार प्रचारित और प्रसारित ना करें,जिससे समाज में भ्रमित हो। उन्होंने कहा कि यह दौर सोशल मीडिया का है,इसका दायरा और भूमिका भी सरकार के साथ मिल तय करने की योजना पर काम चल रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में सम्मानित किये गये पत्रकारों को बधाई दी और देवर्षि नारद जी का अनुसरण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने 2014 से अब तक पत्रकारों के हित में अनेक कार्य किए।इनमें पत्रकारों की सम्मान पेंशन,कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा,यात्रा सुविधा और अन्य योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और संवाद का सहयोगी है,जिसे अपनी ड्यूटी परिपक्वता से निभाई चाहिए।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तर क्षेत्र प्रचारक जतिन कुमार ने कहा कि कोविड के समय में स्वास्थ्य और सुरक्षा कर्मियों का सम्मान हुआ। वहीं उन सभी को समाज के सामने लाने वाले पत्रकार भी सम्मान के पात्र हैं और यह कार्य विश्व संवाद केंद्र के प्रयासों से भी हुआ। उन्होंने कहा कि विश्व संवाद केंद्र हरियाणा में पिछले 10 वर्षों से जिला एवं प्रदेश स्तरीय देवर्षि नारद जयंती कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह आयोजित कर रहा है,जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले मीडिया कर्मियों को सम्मानित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कलम में बड़ी ताकत है,पत्रकारों कै कार्य केवल देश दुनिया को जानकारी देना नहीं है,अपितु देश दुनिया के हित में जनमत तैयार करना पत्रकारिता का मूल उद्देश्य है। इस अवसर पर विधायक सतीश फागना, विभाग संघचालक अरविंद सूद,सह विभाग संघचालक जयकिशन,वीरभान शर्मा,संजीवन कुमार, विभाग कार्यवाह राजेश महेश्वरी, त्रिसंगठन मंत्री आरोग्य भारती,एमडीयू के रजिस्ट्रार केके गुप्ता,मानव रचना शिक्षण संस्थान के रजिस्ट्रार रमेश अरोड़ा,सरकार तलवार  आदि उपस्थित रहे।

You might also like