दूसरे की जगह जेल से जमानत पर फरार बंदी बिहार से गिरफ्तार
फरीदाबाद। गत दिवस 28 मई को थाना सदर बल्लभगढ़ में नीमका जेल की तरफ से शिकायत प्राप्त हुई कि नितेश पांडे पुत्र रविंद्र पांडे निवासी कल्याणपुर जिला पटना बिहार वर्ष 2021 के एक पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल मे बंद था। एक अन्य बंदी नितिश पुत्र रविंद्र वासी शास्त्री कोलोनी ओल्ड फरीदाबाद भी एक लडाई झगडे के मामले में जेल में बंद था।
26 मई को नीतीश वासी शास्त्री कॉलोनी के जमानत पर रिहाई के आदेश प्राप्त हुए। जिस पर नितेश पांडे पुत्र रविंद्र पांडे निवासी ग्राम कल्याणपुर जिला पटना बिहार ने अपने आप को नितिश पुत्र रविंद्र वासी शास्त्री कॉलोनी ओल्ड फरीदाबाद होना बताया और जेल से जमानत पर रिहा हो गया। हवालाती बंदी नितेश पांडे को पता था कि उसके नाम के जमानत के कागजात नहीं है फिर भी उसने अपनी पहचान छुपाकर दूसरे बंदी नितिश के नाम पर अपनी रिहाई ले ली। जिस पर थाना सदर बल्लभगढ़ में विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले मे कार्यवाही के लिए क्राइम ब्रांच सेंट्रल को निर्देशित किया गया। जिस पर कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी नितेश वासी गाँव कल्याणपुरा जिला पटना बिहार को क्राइम ब्रांच की टीम ने उसके गांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ मे बताया कि नीतीश पुत्र रविंद्र वासी शास्त्री कॉलोनी ओल्ड फरीदाबाद एक लडाई झगडे के मामले में जेल में बंद था, जिसकी जमानत होनी थी, जिसके बारे में आरोपी को जानकारी थी।
26 मई को जब नितिश पुत्र रविंद्र वासी शास्त्री कॉलोनी ओल्ड फरीदाबाद के नाम की पुकार हुई तो नीतीश वहां पर नहीं था, तब आरोपी ने अपना नाम नितिश व पिता का नाम रविन्द्र बताया और वह झॉसा देकर नीतीश की जगह जमानत पर जेल से बाहर आ गया। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया।
