1 जुलाई से 30 सितंबर तक पंचायतों में लगेगा वित्तीय समावेशन शिविर: एडीसी

फरीदाबाद। जिला फरीदाबाद में भारत सरकार की वित्तीय समावेश योजनाओं को ग्राम पंचायत स्तर तक शत-प्रतिशत लाभार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक विशेष तीन माह का अभियान 1 जुलाई 2025 से 30 सितंबर 2025 तक चलाया जाएगा। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान ने दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित निष्क्रिय जन-धन खातों का पुनः केवाईसी सत्यापन किया जाएगा। ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को इन योजनाओं का लाभ मिल सके।
जिला प्रशासन इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और सभी संबंधित विभागों, विशेष रूप से बैंकों और अग्रणी जिला प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन सुनियोजित ढंग से करें। इसके अतिरिक्त अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया कवरेज और जन-जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि अभियान की प्रगति की निगरानी के लिए समय-समय पर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की जाएगी और इसकी रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी। अंत में सतबीर मान ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन, बैंकिंग संस्थाओं और आमजन के समन्वित प्रयासों से इस अभियान के अंतर्गत सभी पात्र नागरिकों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा और किसी भी पात्र व्यक्ति को लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
You might also like