बदनामी से परेशान होकर रेप पीड़िता ने जहर खाया, इलाज के दौरान हुई मौत

फरीदाबाद। रेप की शिकार हुई युवती ने बदनामी से परेशान होकर जहर खा लिया। पीड़िता को पहले वीरवार को ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। युवती का एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। इस घटना में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

फरीदाबाद के आईएमटी क्षेत्र की रहने वाली 19 साल की युवती ने 1 जून को कैंप पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि, पलवल के ओमेक्स सिटी निवासी राज आर्य व सपना गुप्ता नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2 जनवरी को अपने घर ओमेक्स ले गए थे। युवती ने आरोप लगाया था कि इसके बाद 17 फरवरी को राज आर्य व सपना गुप्ता ने रात करीब नौ बजे उसके कैंप पलवल में अपने ऑफिस पर ले गए थे। वहां पर सपना ने कोल्ड ड्रिंक में कुछ नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया था। जब नशे की हालत हो गई तो राज आर्य छेड़छाड़ करने लगा। उनका विरोध किया तो राज आर्य ने जान से मारने की धमकी देकर रेप किया। युवती ने यह भी आरोप लगाया था कि सपना ने हाथ पकड़ कर वीडियो बना ली थी और फोटो भी खींच लिए थे। धमकी दी गई कि यदि तुमने किसी को बताया तो वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे।

युवती ने आरोप लगाया था कि 4 अप्रैल को राज आर्य व सपना गुप्ता गोरेगांव वेस्ट मुंबई ले गए थे। दोनों ने उसको मुंबई में हीरोइन बनाने और फिल्मी सितारों से मिलाने का झांसा दिया था। जिसके बाद वह उनके साथ मुंबई जाने को राजी हुई थी। वहां पर राज आर्य ने धीरज रेजीडेंसी में 11 अप्रैल को सुबह 4 बजे रेप किया। आरोप है कि आरोपी उसको ब्लैकमेल करके देह व्यापार के धंधे में धकेलना चाहते थे। आरोपी पहले से ही कई लड़कियों के साथ गलत काम करवाते हैं।

कैंप पलवल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र करने, छेड़छाड़ करने, विवाह करने के लिए मजबूर और दुष्कर्म करने की धाराओं के तहत 13 जून को केस दर्ज किया था। आरोपी राज आर्य ने युवती, उसकी मां समेत अन्य कई लोगों पर मंडकौला पुलिस चौकी में 4 जून को केस दर्ज कराया था। जिसमें आरोप लगाया है कि युवती उनकी पत्नी सपना के साथ काम कर चुकी है। दोनों एक दूसरे को जानते पहचानते हैं। युवती ने किसी काम से पत्नी सपना से एक लाख रुपए उधार ले रखा था। युवती को करीब ढाई तीन साल से जानते थे। दोनों का एक दूसरे के घर आना जाना था।

राज का आरोप है कि 31 मई को युवती ने काल कर उन्हें अपने घर बुलाया। वहां उसकी मां, मौसी समेत अन्य लोग मौजूद थे। उन लोगों ने दोनों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर जमकर मारपीट की। पति पत्नी के कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाई और वायरल करने की धमकी दी। आरोपियों ने उनके साथ लूटपाट भी की। नकदी व मोबाइल फोन आदि लूट लिए। इस पर मंडकौला पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था।

मृतका की मां का कहना है कि बेटी बदनामी के डर से परेशान होकर वीरवार को कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे गंभीर हालत में पहले ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर देर रात रेफर कर दिया गया। परिजनों ने युवती को नीलम पुल स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। इस मामले में कैंप पलवल थाना के सब इंस्पेक्टर संजय कुमार का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा, उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

You might also like