पहले दिन की सीईटी-2025परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न, परीक्षार्थी बोले, थैंक्यू नायब सरकार
एचएसएससी के चेयरमैन हिम्मत सिंह व उपायुक्त विक्रम सिंह ने किया परीक्षा केंद्रों का दौरा
फरीदाबाद। दो पालियों (शिफ्ट) में आयोजित सीईटी-2025 की परीक्षा पहले दिन कुल 163 परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा अभ्यर्थियों को नहीं हुई। फरीदाबाद में कुल पांच जिलों गुरुग्राम, झज्जर, नूंह, पलवल व रोहतक से अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। प्रशासन की ओर से किए गए इंतजाम छात्रों को खूबरास आए। महिला अभ्यर्थियों ने बिना किसी परेशानी व खर्च के सरकारी सेवाओं के जरिए परीक्षा केंद्र पहुंचने की सुविधा की सराहना की। सुबह की शिफ्ट में आयोजित परीक्षा का निरीक्षण करने के लिए हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमिशन (एचएसएससी) के चेयरमैन हिम्मत सिंह व उपायुक्त विक्रम सिंह दौरे पर रहे।
सेक्टर -14 स्थित डीएवी स्कूल से निरीक्षण दौरे के शुरुआत की गई। इस दौरान छात्रों की बायोमैट्रिक, सुरक्षा जांच के अलावा अन्य़ इंतजाम परखे गए। एचएसएससी के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने जिले में आयोजित परीक्षा के इंतजाम देखकर संतुष्टि जाहिर की। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है। किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा में नहीं देखा गया। पत्रकारों की ओर से परीक्षा को चुनौती बताने वाले एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार का दायित्व है कि युवाओं का भरोसा बना रहे। ऐसे में परीक्षा कोई चुनौती नहीं बल्कि दायित्व है। उन्होंने कहा कि छात्रों को यातायात सुविधा पूरी तरह से सुनिश्चित की गई है।
यह भी पढ़ें
किसी भी प्रकार की कमी कहीं नहीं मिली। विजिट के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा एसओपी का पूरी तरह से पालन किया गया। कमीशन के विभिन्न सदस्य अलग-अलग परीक्षा केंद्र का दौरा कर रहे हैं। छात्र अलग अलग माध्यम से कमीशन से जुड़े हैं। सभी का फीडबैक मिल रहा है। जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सीईटी 2025 परीक्षा की पहली शिफ्ट में लगभग 42,000 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, जिनमें से करीब 90 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित हुए। यह उपस्थिति दर सामान्यत: 60 से 70 प्रतिशत के मुकाबले कहीं अधिक है, जो दर्शाता है कि युवाओं में इस परीक्षा को लेकर विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश सरकार तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के प्रति युवाओं के विश्वास का प्रमाण है।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में कुल 5 क्लस्टर बनाए गए, जहाँ विभिन्न ड्रॉप पॉइंट्स से शटल सेवा के माध्यम से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुँचाया गया। प्रशासन द्वारा किए गए समुचित प्रबंधों के चलते दूर-दराज से आए छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई और सभी अभ्यर्थी समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुँच गए। सेक्टर 16 स्थित नेहरू कॉलेज परीक्षा केंद्र के निरीक्षण के दौरान डीसी विक्रम सिंह ने परीक्षा केंद्र के बाहर उपस्थित अभ्यर्थियों के अभिभावकों से संवाद कर उनकी राय और अनुभव जाने। सभी अभिभावकों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की खुले दिल से सराहना की। उधर फरीदाबाद में 163 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर लाखों की संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा देने आएंगे।
परीक्षा का सफल आयोजन कराने के लिए 3000 के करीब पुलिस बल तैनात किया गया है। जिस संबंध में पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए परीक्षा केंद्रों का दौरा किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने सुरक्षा व्यवस्था का जायज लेने के लिए मानव रचना शिक्षण संस्थान व मॉड्रन विद्या निकेतन(एमवीएन) में परीक्षा केंद्र का दौरा कर भीड़ नियंत्रण, सुचारु यातायात व्यवस्था और असामाजिक तत्वों पर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिये । पुलिस आयुक्त ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था ठीक प्रकार से संचालित कराई जा रही है। परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करना फरीदाबाद पुलिस की प्राथमिकता है।
