संपत्ति कर वसूली की स्थिति पर नगर निगम आयुक्त ने की समीक्षा बैठक
फरीदाबाद। नगर आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने गुरुवार आज निगम कार्यालय के कॉन्फ्रेंस कक्ष में टैक्स विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य निगम क्षेत्र में संपत्ति कर वसूली की स्थिति की समीक्षा करना और लंबित बकायेदारों से शीघ्र वसूली के लिए रणनीति तैयार करना रहा।
यह भी पढ़ें
आयुक्त ने क्षेत्रीय कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुछ कॉलोनियों की बाउंड्री को लेकर जारी कार्य शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि प्रॉपर्टी आईडी बनवाने में आ रही समस्याएं समाप्त हों और आमजन समय पर कर जमा कर सकें। बैठक में लाल डोरा सर्टिफिकेट, सेल्फ सर्टिफिकेशन और टैक्स रिकवरी जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को करदाताओं की सूची वार्ड वार अद्यतन करने और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बकाया राशि की वसूली समयबद्ध हो सके।
टैक्स अधिकारियों ने वसूली की प्रगति, राजस्व में आ रही चुनौतियों और तकनीकी सहयोग की जरूरत पर भी जानकारी दी। नगर आयुक्त ने पारदर्शी और उत्तरदायी कार्यशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि करदाता सुविधाजनक माध्यमों से अपना कर समय पर जमा कर सकें। बैठक में एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा सहित सभी क्षेत्रीय कर अधिकारी उपस्थित रहे।
