फरीदाबाद की महापौर ने केरल अर्बन कॉन्क्लेव 2025 में शहरी विकास पर अनुभव साझा किए

फरीदाबाद। महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने आज केरल के कोच्चि में आयोजित अर्बन कॉन्क्लेव 2025 के मंच से देश-विदेश के मेयरों के साथ शहरी विकास के अपने अनुभव साझा किए। इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उन्होंने हरियाणा सरकार की विकास नीतियों और फरीदाबाद नगर निगम की सफलता की कहानियां विस्तार से प्रस्तुत कीं।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार हर वर्ग तक विकास की रोशनी पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। फरीदाबाद नगर निगम भी इसी दृष्टिकोण के साथ काम करते हुए नई योजनाओं और जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों को लागू कर रहा है ताकि हर नागरिक तक सुविधाएं पहुंच सकें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर नल से जल अभियान को सफल बनाने के लिए निगम ने विशेष पहल की है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच सुविधाओं के अंतर को कम करने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। महापौर ने बताया कि नगर निगम ने पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पानी से भूजल रिचार्ज, तालाबों का संरक्षण और यमुना नदी में साफ पानी छोड़ना जल संकट को कम करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।

प्रवीण बत्रा जोशी ने जनभागीदारी मॉडल को भी उजागर किया, जिसमें आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठन और युवा सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने ऐतिहासिक धरोहरों जैसे राजा नाहर सिंह महल, महारानी की छतरी और संत सूरदास मंदिर के संरक्षण पर भी नगर निगम की विशेष योजनाओं का जिक्र किया। महापौर ने इस मंच पर फरीदाबाद की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि वे 30 से अधिक देशों के मेयरों के बीच खड़े होकर शहर की प्रगति की कहानी सुनाने का अवसर पा रही हैं। उन्होंने आशा जताई कि इस तरह के संवाद से सभी शहर बेहतर अनुभव सीख कर अपने शहरों को और विकसित कर सकेंगे।

You might also like