होटल में युवती से रेप, न्यूड वीडियो से बनाया दबाव
फरीदाबाद। शहर के एक होटल में युवती से रेप किए जाने का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसकी न्यूड वीडियो और फोटो बना ली। अब उस पर धर्म परिवर्तन करके शादी करने का दबाव बनाया जा रहा है। युवती की शिकायत पर महिला थाना पुलिस एनआईटी ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला थाना पुलिस एनआईटी से मिली जानकारी के अनुसार, संजय कालोनी पुलिस चौकी क्षेत्र की रहने वाली 24 साल की युवती ने पुलिस को शिकायत दी है। जिसमें उसने बताया कि उसके पिता का देहांत हो चुका है। उसके परिवार में 7 बहन और 3 भाई हैं, वह परिवार में सबसे छोटी है। करीब 5 साल पहले गोछी के रहने वाले शाहरुख से उसकी दोस्ती हो गई थी। आरोपी युवक मेडिकल स्टोर करता है। युवती ने कहा कि एक दिन शाहरुख ने मुझे मिलने के लिए बुलाया और एक होटल में ले गया। जहां पर उसने मेरे साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
इस दौरान आरोपी ने मेरी न्यूड वीडियो और फोटो भी बना ली। जिसके बाद मुझे धमकी दी कि अगर मैंने किसी को बताया तो फोटो-वीडियो वायरल कर दूंगा। अब मेरे परिवार के लोग मेरे लिए रिश्ता देख रहे हैं तो आरोपी मेरे साथ मारपीट करता है और शादी करने का दबाव बना रहा है। किसी और से शादी करने पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। युवती का आरोप है कि आरोपी शाहरुख उसको धर्म परिवर्तन करके उसके साथ शादी करने का दबाव बना रहा है। वह उसको लेकर शादी करने के लिए वकील के पास सितंबर 2025 में ले गया था। लेकिन उसने शादी करने से मना कर दिया। जिसके बाद शाहरुख ने उसके साथ मारपीट भी की। लेकिन डर के चलते वह पुलिस को कुछ नहीं बता सकी। महिला थाना एनआईटी पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रेप की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना इंचार्ज माया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
