रयान इंटरनेशनल स्कूल में मनाया गया ‘दादा-दादी दिवस’

प्रेम, सम्मान और उल्लास से गूंज उठा विद्यालय

फरीदाबाद। सेक्टर-21 सी स्थित रयान इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा पहली और दूसरी के छात्रों के साथ ‘ग्रैंडपेरेंट्स डे’ यानी ‘दादा-दादी दिवस’ को बड़े उत्साह, श्रद्धा और प्रेम पूर्वक मनाया। यह विशेष आयोजन उन बुजुर्गों को सम्मान देने के लिए किया गया, जो बच्चों के जीवन में मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत होते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभु की प्रार्थना से हुई, जिसके बाद बाइबल पाठ ने समस्त वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके पश्चात स्तुति और आराधना के मधुर गीतों ने कार्यक्रम में आध्यात्मिकता और सकारात्मकता का रंग घोला।

कक्षा दूसरी के एक छात्र द्वारा दिए गए स्वागत भाषण ने उपस्थित दादा-दादियों को भावनात्मक रूप से छू लिया। इसके बाद छात्रों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य, मॉन्टेसरी बच्चों का टॉय बैंड, और नन्हे बच्चों के रंगारंग नृत्य ने पूरे वातावरण को उल्लास और मासूमियत से भर दिया। कार्यक्रम को और भी मनोरंजक बनाने के लिए दादा-दादियों के लिए खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें उनकी उत्साही भागीदारी ने माहौल को जीवंत बना दिया। खेलों के बाद पुरस्कार वितरण और हास्य से भरा अंताक्षरी कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें सभी बुजुर्गों ने हर्षोल्लास से भाग लिया।

इस अवसर पर मेट्रो हॉस्पिटल के सहयोग से एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया।
विद्यालय प्राचार्य पिया शर्मा ने अपने संबोधन में दादा-दादियों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दादा-दादी बच्चों के पहले गुरु होते हैं, जो उन्हें जीवन मूल्यों, संस्कारों और परंपराओं से जोड़ते हैं। बच्चों को चाहिए कि वे अपने बुजुर्गों के प्रति प्रेम, सम्मान और सेवा का भाव बनाए रखें। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने दादा-दादी के साथ अधिक समय बिताएं और उनके अनुभवों से सीखें। उनके भावनात्मक और प्रेरणादायी शब्दों ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों के हृदय को छू लिया और माहौल को भावुक बना दिया।

You might also like