सभी के सहयोग से फरीदाबाद को बनाएंगे स्वच्छ और हरित शहर : प्रवीण जोशी

महापौर और निगम आयुक्त ने निगम कर्मचारियों को दिया दीपावली का तोहफा, जताया आभार,

फरीदाबाद। दीपावली के पावन अवसर पर नगर निगम फरीदाबाद में आज कर्मचारियों के लिए दीपावली तोहफा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  कार्यक्रम में मुख्यातिथि फरीदाबाद की महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी एवं नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने निगम कर्मचारियों को दीपावली उपहार वितरित किए और सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रवीण जोशी ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आज फरीदाबाद जिस तरह स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है, उसका श्रेय हमारे सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को जाता है।

आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने भी कर्मचारियों के समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी से लेकर कार्यालयीन स्टाफ तक, हर एक कर्मचारी निगम परिवार का अहम हिस्सा है। दीपावली के इस अवसर पर हम सभी उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हैं। कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम के कॉन्फ्रेंस हॉल में किया गया, जहां दीपावली उपहार वितरण के साथ कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान निगम के अधिकारी, पार्षद एवं विभिन्न शाखाओं के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महापौर और आयुक्त ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वच्छता और सेवा भावना के साथ फरीदाबाद को और बेहतर बनाने में अपना योगदान जारी रखें। इस शुभ अवसर पर एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल, पार्षद,कुलदीप साहनी, पार्षद लाल मिश्रा, परिंकू सिलानी पार्षद सचिन शर्मा भी उपस्थित रहे।

You might also like