एसजीएम नगर में चला  निगम का बुलडोजर! भारी विरोध के बीच हंगामा, महिलाएं बुलडोजर के आगे बैठीं; भारी पुलिस बल रहा तैनात

फरीदाबाद। नगर निगम की टीम को शुक्रवार को एसजीएम नगर में पटेल चौक के पास अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान भारी विरोध का सामना करना पड़ा। तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और दुकानदार भड़क उठे और उन्होंने निगम की कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया।
अतिक्रमण हटाने के लिए निगम की टीम दो बुलडोजर लेकर एसजीएम नगर स्थित पटेल चौक के पास पहुँची। जैसे ही बुलडोजर ने कार्रवाई शुरू करने की कोशिश की, दुकानदारों ने तुरंत अपनी दुकानें बंद कर दीं और सड़क पर उतर आए। गुस्साए लोगों ने निगम अधिकारियों को घेर लिया, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच जबरदस्त धक्का-मुक्की और हंगामा हुआ। विरोध इतना उग्र हो गया कि कुछ महिलाएं बुलडोजर के आगे बैठ गईं और उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल भारी पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की। दुकानदारों का कहना है कि यह कार्रवाई मनमानी तरीके से की जा रही है और उन्हें पर्याप्त समय नहीं दिया गया। हालांकि, निगम अधिकारी अतिक्रमण को अवैध बता रहे हैं और कार्रवाई जारी रखने पर अड़े हुए हैं। देर शाम तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।
You might also like