बीके अस्पताल में जल्द शुरू होगी एयर एम्बुलेंस सेवा, हेलीपैड की तलाश, एयरलिफ्ट सड़क हादसों में कारगर

फरीदाबाद। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया जा रहा है। बी के हॉस्पिटल में ट्रॉमा केयर फैसिलिटी शुरू करने की तैयारियों के बीच अब जिले में Medical Air Ambulance Service शुरू करने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है। इस सेवा के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है, जिससे हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा।

सड़क दुर्घटनाओं ने बढ़ाई जरूरत :

स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, फरीदाबाद से गुजरने वाले नेशनल हाईवे और औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए इस सेवा की आवश्यकता महसूस की गई। गंभीर रूप से घायल मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में देरी कई बार जानलेवा साबित होती है। ऐसे में Air Ambulance के जरिए मरीजों को एयरलिफ्ट कर कम समय में उच्च स्तरीय इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी योजना :

हरियाणा सरकार की योजना केवल फरीदाबाद तक सीमित नहीं है। प्रदेश में फरीदाबाद के अलावा गुरुग्राम, रोहतक, सोनीपत और करनाल में भी मेडिकल हेली सेवा शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पूरे राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को एक मजबूत नेटवर्क के रूप में विकसित करना है।

बीके अस्पताल में नहीं बन सका हेलीपैड :

जानकारी के अनुसार, सबसे पहले बी के हॉस्पिटल फरीदाबाद परिसर में हेलीपैड बनाने के लिए जमीन की तलाश की गई थी। इसके लिए सीएमओ कार्यालय की ओर से PWD को पत्र लिखकर जिम्मेदारी सौंपी गई। हालांकि, कई महीनों की जांच के बाद पीडब्ल्यूडी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इसे मंजूरी नहीं दी।

इसके बाद बीके अस्पताल के पास स्थित दशहरा ग्राउंड को विकल्प के रूप में चुना गया और नगर निगम फरीदाबाद को पत्र भेजा गया, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला।

मेडिकल कॉलेज बने नए विकल्प :

अब इस देरी के बाद Civil Aviation Department Chandigarh की ओर से मेडिकल कॉलेज परिसरों में हेलीपैड के लिए जगह उपलब्ध कराने पर विचार किया जा रहा है। फरीदाबाद जिले में दो मेडिकल कॉलेज हैं—छांयसा स्थित Atal Bihari Vajpayee Medical College और एनआईटी-3 स्थित ESIC Medical College। इनमें से किसी एक परिसर में हेलीपैड बनाए जाने की संभावना है।

चलते-फिरते ICU जैसी सुविधा :

मेडिकल एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू होने के बाद जिले के किसी भी हिस्से से अति गंभीर मरीज को कम समय में अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा। यह सेवा सड़क और औद्योगिक दुर्घटनाओं के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी बेहद उपयोगी साबित होगी। एयर एम्बुलेंस में Ventilator, Oxygen Support, Cardiac Monitor, आईवी उपकरण और जीवन रक्षक दवाइयों के साथ प्रशिक्षित डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहते हैं।

स्वास्थ्य विभाग का बयान :

फरीदाबाद के डिप्टी सिविल सर्जन डॉक्टर एम पी सिंह के अनुसार, जिले में मेडिकल एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू करने की योजना पर सक्रिय रूप से काम किया जा रहा है। हेलीपैड निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की राशि मंजूर हो चुकी है और फिलहाल जमीन की तलाश जारी है। मेडिकल कॉलेज परिसरों में भी सभी संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।

 

You might also like