छोटी चौपाल पर आयोजित लोक से लेकर शास्त्रीय प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन

कलाकारों ने बिखेरा कला का रंग, पर्यटकों ने लिया भरपूर आनंद

फरीदाबाद। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा तथा हरियाणा पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 39 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला-2026 में मंगलवार को छोटी चौपाल पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रमों ने मेले में आए दर्शकों और प्रतिभागियों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन अशरफ मेवाती ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत ऋषि नाथ एवं दल की बीन पार्टी की आकर्षक प्रस्तुति से हुई, जिसने पारंपरिक लोक धुनों से वातावरण को जीवंत कर दिया। इसके बाद राजेश एवं दल ने डेरु पार्टी की ऊर्जावान प्रस्तुति दी। प्रदीप रॉय एवं दल की रागनी पार्टी ने हरियाणवी लोक संस्कृति की सुगंध बिखेरी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम में जादूगर अशोक सम्राट ने अपने हैरतअंगेज करतबों से सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। वहीं विकेन्दर एवं दल द्वारा प्रस्तुत हरियाणवी सांस्कृतिक लोकनृत्य ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वील्का गोगिया एवं दल ने शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर कला की गरिमा को मंच पर साकार किया। सांस्कृतिक श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए सुषमा एवं दल के हिंदी सूफी बैंड ने सुरों की मधुरता से समां बांध दिया। मनोज पंडित एवं दल द्वारा प्रस्तुत नाटक चित्रा ने अपनी प्रभावशाली कहानी और अभिनय से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। अंत में निर्भय की गिटार प्रस्तुति ने युवाओं सहित सभी श्रोताओं का दिल जीत लिया।

बता दें कि यह सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम सूचना, जनसंपर्क भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित अग्रवाल और महानिदेशक के. एम. पांडुरंग तथा अतिरिक्त निदेशक विवेक कालिया के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे हैं। मेले में आए दर्शकों और प्रतिभागियों ने इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद उठाया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। छोटी चौपाल पर आयोजित इन प्रस्तुतियों ने सूरजकुंड मेले की सांस्कृतिक गरिमा को और अधिक समृद्ध बनाया।

You might also like