मंदिरों से निकलने वाले पूजन के फूलों के प्रबंधन हेतु पायलट पहल शुरु

vफरीदाबाद। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा के मार्गदर्शन में नगर निगम फरीदाबाद द्वारा धार्मिक स्थानों पर प्रयुक्त पूजन सामग्री (फूलों) के सम्मानजनक एवं पर्यावरण अनुकूल प्रबंधन हेतु एक पायलट पहल शुरू की गई है। इस पहल के प्रथम चरण में प्रमुख मंदिरों तथा चयनित आवासीय सोसायटियों से निकलने वाले पूजन के फूलों को अलग से एकत्रित किया जाएगा, ताकि इन्हें नालियों, जलाशयों एवं सामान्य कचरे में फेंके जाने से रोका जा सके और इनका वैज्ञानिक एवं पर्यावरण हितैषी तरीके से निस्तारण किया जा सके। यह पहल नगर निगम द्वारा विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन के सहयोग से संचालित की जा रही है। मंदिर प्रबंधन समितियों, आरडब्ल्यूए एवं आवासीय सोसायटियों से निगम द्वारा अपील की गई है कि प्रयुक्त पूजन के फूलों को सामान्य कचरे से अलग रखें।

इन्हें साफ एवं निर्धारित पात्र/स्थान पर एकत्रित करें। त्यौहारों या धार्मिक आयोजनों के बाद समय पर संग्रहण के लिए उपलब्ध कराएं। इस पहल से नालियों एवं जलाशयों के अवरुद्ध होने की समस्या कम होगी। लैंडफिल पर भार एवं दुर्गंध में कमी आएगी। पवित्र फूलों से कम्पोस्ट एवं अगरबत्ती जैसे पर्यावरण अनुकूल उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे। आस्था के सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। निगमायुक्त ने अपील की कि सभी मिलकर अपनी श्रद्धा का सम्मान करते हुए प्रकृति की रक्षा करें और फरीदाबाद को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग दें।

You might also like