अवैध निर्माण पर डीटीपी का चला बुलडोजर, बैंक्वेट हॉल और होटल तोड़े

फरीदाबाद। अवैध निर्माण के खिलाफ जिला टाउन प्लानर (डीटीपी) विभाग ने आज ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र में बड़ी तोडफ़ोड़ की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई सेक्टर-79 में वल्र्ड स्ट्रीट के पास की गई, जहां कृषि भूमि पर अवैध रूप से कमर्शियल कॉलोनी विकसित की जा रही थी। विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अवैध रूप से बनाए गए दो बैंक्विट हॉल, एक गेम जोन व एक होटलनुमा ढाबे को ध्वस्त कर दिया। डीटीपी अधिकारी यजन चौधरी ने बताया कि विभाग को इस क्षेत्र में अवैध निर्माण की शिकायतें मिली थीं। जांच के दौरान पाया गया कि लोगों द्वारा बिना किसी परमिशन के व्यवसाय किया जा रहा था। यह जमीन कृषि के लिए निर्धारित है, जिस पर किसी भी प्रकार का स्थायी व्यावसायिक निर्माण नियमों के खिलाफ है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में मालिकों को अर्बन एरिया से जुड़े प्रावधानों के तहत करीब एक महीने पहले नोटिस जारी किए गए थे। उन्हें खुद अवैध ढांचे हटाने और स्थान खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी निर्माण नहीं हटाए गए, जिसके चलते विभाग ने आखिरी नोटिस जारी कर आज अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। डीटीपी अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ लोगों द्वारा नोटिस न मिलने के आरोप लगाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह निराधार हैं। विभाग की ओर से नोटिस दिए गए थे और अवैध नक्शों पर पर सवाल किए गए थे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा अवैध निर्माण किया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

You might also like