महाराष्ट्र मित्र मंडल ने धूमधाम से मनाई छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती
फरीदाबाद । महाराष्ट्र मित्र मंडल ने 19 फरवरी को माता जी चौक पर छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती का भव्य आयोजन किया। इस अवसर पर मंडल के कार्यकर्ताओं ने राजमाता जीजाबाई एवं बाल शिवाजी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की। मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र पांचाल ने शिवाजी महाराज के जीवन, उनके शौर्य और राष्ट्रप्रेम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिवाजी महाराज केवल एक शासक नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा थे जिन्होंने स्वराज्य की नींव रखी।
उन्होंने बताया कि शिवाजी महाराज का जन्म 19 फरवरी 1627 को शिवनेरी किले में हुआ था। माता जीजाबाई ने उन्हें धर्म, संस्कृति और वीरता की शिक्षा दी, जबकि दादा कोणदेव ने युद्धकला में प्रशिक्षित किया। युवावस्था में ही शिवाजी ने किलों पर विजय प्राप्त कर दक्षिण भारत में अपना पराक्रम फैलाया। अफजल खान के वध और बीजापुर के शासक से संघर्ष जैसी घटनाओं ने उन्हें एक महान राष्ट्रपुरुष के रूप में स्थापित किया। उनका जीवन स्वराज्य, साहस और नीति का अद्वितीय उदाहरण है।
यह भी पढ़ें
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने शिवाजी महाराज के आदर्शों को याद करते हुए उन्हें एक अमर स्वतंत्रता सेनानी और राष्ट्रपुरुष के रूप में श्रद्धांजलि दी। मंडल ने इस आयोजन के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को शिवाजी महाराज के आदर्शों से जोड़ने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र पांचाल, यशवंत पांचाल, लक्ष्मण पांचाल, दीपक जोशी, श्रीकांत चासकर, विमल खंडेलवाल, सुरेखा भारद्वाज, भावना पांचाल, किरण, सचिन, तेजस, पोर्णिमा पांचाल, उत्तम कुमार, रोहित सहित मंडल के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
