पति-पत्नी में हुई कहासुनी, फिर गोली मारकर कर दी पत्नी की हत्या

फरीदाबाद। फरीदाबाद में शुक्रवार रात महिला की उसके पति ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटनाक्रम के मुताबिक, पति बाहर से आया था। महिला घर पर नहीं मिली तो वह जाने लगा। इसी दौरान पत्नी उसे रास्ते में मिली गई। पहले दोनों में कहासुनी हुई, आरोप है कि फिर पति ने बीच सडक़ पर ही पिस्टल निकाल कर उस पर तीन गोलियां चला दीं। गोली लगने से महिला गंभीर घायल हो गई। इसके बाद आरोपी वहां से पिस्टल लहराते हुए फरार हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उठाकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में ले लिया। घटनास्थल से पुलिस को गोली के खोल भी मिले है।

क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस के मूताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद के चलते महिला अपने दो बच्चों के साथ पति से अलग रह रही थी। उसका पति से तलाक का केस भी चल रहा था। मृतक महिला की पहचान बसंतपुर गांव स्थित सनलाइट कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय संगीता देवी के रुप में हुई। संगीता देवी पिछले काफी समय से अपने पति और ससुराल पक्ष से अलग अपने दो बच्चों के साथ इस कॉलोनी में रह रही थी। पति के साथ उसका तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन था। साथ ही ससुराल पक्ष के साथ पारिवारिक विवाद भी चल रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जब संगीता देवी किसी काम से बाहर गई हुई थी, उसी दौरान उसका पति और ससुराल पक्ष के कुछ लोग सनलाइट कॉलोनी में उसके घर पहुंचे। महिला के घर पर न मिलने पर वे लौटने लगे। इसी बीच गली में संगीता को आता देख उन्होंने उसे रोक लिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि पति के हाथ में हथियार था।

विवाद बढऩे पर संगीता ने खुद को बचाने की कोशिश की और पीछे हटने लगी, तभी उसके पति ने उस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गली में गिर पड़ी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के पिता मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों की मदद से घायल संगीता को सेक्टर-31 स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच चल रहे तलाक विवाद की बात सामने आई है। आरोपी पति मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है, जो फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You might also like