मजदूरों के हितों पर कुठाराघात किसी कीमत पर नहीं होगा बर्दाश्त : राव नरेंद्र सिंह
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक, प्रस्तावित घेराव को लेकर किया विचार विमर्श
फरीदाबाद। भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा स्कीम में किए गए बदलाव के विरोध में हरियाणा कांग्रेस कमेटी द्वारा 25 फरवरी को प्रस्तावित हरियाणा विधानसभा घेराव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने अपने फऱीदाबाद दौरे के दौरान मैगपाई पर्यटन स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर रणनीति तैयार की। बैठक की अध्यक्षता ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ हरियाणा के कार्डिनेटर लखन कुमार सिंगला ने की। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंंद्र सिंह ने इस घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विचार विमर्श किया और तैयारियों को लेकर भी दिशा निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार में शुरु हुई मनरेगा स्कीम का उद्देश्य मजदूरों को रोजगार देना था ताकि वह अपना और अपने परिवार का भरण पोषण कर सके, लेकिन भाजपा सरकार अब इस स्कीम का न केवल नाम बदल रही है बल्कि इसमें संशोधन कर इसे बंद करने की मंशा बनाए बैठी है, जिससे देश का 90 प्रतिशत मजदूर बेरोजगार हो जाएगा, लेकिन कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के इस तानाशाही फैसले को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि तयशुदा कार्यक्रमानुसार सभी कांग्रेस कार्यकर्ता 25 फरवरी को हरियाणा कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए हरियाणा विधानसभा पहुंचेंगे और वहां शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन करते हुए गूंगी बहरी भाजपा सरकार को नींद से जगाने का काम करेंगे और भाजपा सरकार को फिर से मजदूरों के हितों के बारे में सोचने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें
इस मौके पर ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ हरियाणा के कार्डिनेटर लखन कुमार सिंगला बैठक में पधारने पर प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रदर्शन को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रदर्शन को लेकर खासा उत्साह है। प्रदर्शन में नेता हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा मनरेगा बचाओ संग्राम के सभी जिलो के कॉर्डिनेटर व जिलाध्यक्ष सहित प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेसी नेतागण हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद सहित प्रदेश के सभी जिलों से भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे और मजदूरों के हितों की आवाज मजबूत तरीके से उठाएंगे ताकि भाजपा सरकार को अपना यह तानाशाही फैसला वापिस लेने पर मजबूर होना पड़े। बैठक में प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़, गुडग़ांव कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज डाबर, सुधीर चौधरी, पूर्व चेयरमैन अब्दुल गफ्फार कुरैशी, डालचंद डागर, शालिनी चोपड़ा, राजकुमार शर्मा, अनिल नेताजी, रिषिराज यादव, राजेश ठाकुर, कांग्रेस जिला महासचिव रविन्द्र बैंसला, जिला सचिव चंद्रपाल, प्रमोद धनखड़, विकास भसीन, अवतार सिंह, संतलाल, विरेंद्र वशिष्ठ, भीम सहरावत, कमल ठाकुर सहित अनेकों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
