बादशाह खान चौक होगा जाम फ्री, स्लिप रोड से मिलेगी राहत
फरीदाबाद। बादशाह खान चौक को जाम फ्री बनाने की कवायद चल रही है। इसके दो तरफ स्लिप रोड बनेगी। एचडीएफसी बैंक की ओर जाने वाली सडक़ के दाएं-बाएं स्लिप रोड बनाई जा रही है। एक हिस्सा बन गया है और दूसरे हिस्से की खोदाई की जा चुकी है। यहां काम पूरा होने के बाद पुलिस बूथ वाली जगह पर स्लिप रोड बनाने का काम शुरू होगा। दोनों जगह स्लिप रोड बनने के बाद इस चौक से आवागमन सुगम हो जाएगा। बता दें बडख़ल विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा की सिफारिश पर यहां स्लिप रोड बनाने के काम की शुरुआत हुई है। एनआइटी के सबसे व्यस्त चौक में बादशाह खान चौक भी शामिल है। क्योंकि इससे चंद कदम की दूरी पर निगम मुख्यालय व बादशाह खान नागरिक अस्पताल है।
इसी चौक से एक नंबर व कार मार्केट की सडक़ भी कनेक्ट है। दूसरी ओर केसी सिनेमा वाली सडक़ भी कनेक्ट है। इसलिए यहां से आमजन के अलावा बड़ी संख्या में मरीज व निगम मुख्यालय में अपने काम के लिए लोगों का आवागमन होता है। वैसे भी दिल्ली-आगरा हाईवे से नीलम पुल एनआइटी आवागमन के लिए अहम पुल है इसलिए नीलम पुल पर प्रतिदिन वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है। इसका सीधा असर आगे बादशाह खान चौक पर भी पड़ता है। वाहनों के दबाव की वजह से अस्पताल जाने वाले मरीज भी कई बार जाम में फंस जाते हैं। एंबुलेंस भी लंबी लाइन में फंसी दिखाई देती है। वर्षा होने के बाद दिक्कत और बढ़ जाती है।
यह भी पढ़ें
पूरा चौक और सडक़ पर लंबा जाम दिखाई देता है। दो ओर स्लिप रोड बनने से बादशाह खान चौक पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। यानी हार्डवेयर की ओर से यदि किसी को निगम मुख्यालय या अस्पताल जाना है तो उन्हें चौराहे पर पहले के मुकाबले और चौड़ी सडक़ बनेगी। स्लिप रोड बनने से चौराहे की सडक़ चौड़ी हो जाएगी। दूसरी ओर केसी सिनेमा की ओर से नीलम चौक की ओर जाने वाले भी स्लिप रोड से निकल जाएंगे। इसके अलावा नीलम-बादशाह खान चौक किनारे बन रहे नाले पर भी पुल बनेगा।
जिससे नेहरू ग्राउंड जाना-आना आसान हो जाएगा। इससे वाहन चालकों को यदि हार्डवेयर चौक की ओर जाना है तो वह बिना बादशाह खान चौक पर जाए निकल सकते हैं। नाले व पुल का काम तीन महीने में पूरा हो जाएगा। यह काम हरियाणाा शहरी विकास प्राधिकरण कर रहा है। नगर निगम के सहायक अभियंता खेमचंद ने बताया कि स्लिप रोड का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। वाहनों का अधिक दबाव होने की वजह से काम सुगमता से पूरा करने में दिक्कत होती है। उधर विधायक धनेश अदलखा ने बताया कि व्यस्त चौराहे पर स्लिप रोड बनने से हजारों वाहन चालकों को राहत मिलेगी। यह काम जल्द पूरा करा दिया जाएगा।
