फरीदाबाद। मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सलाहकार एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय गौड़ ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा सोमवार को विधानसभा में प्रस्तुत किए गए बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट ‘हरियाणा एक-हरियाणवीं एक’ के नारे को पूरी तरह से सार्थक करता है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा और यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के सशक्त भारत की दिशा में रखा हुआ एक मजबूत कदम है। यहां जारी प्रेस बयान में भाजपा नेता अजय गौड़ ने कहा कि बजट में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय प्रमुख राज्यों से सबसे ऊपर पहुंचना यह साबित करता है कि प्रदेश सरकार निस्वार्थ भाव से विकास के पथ पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बजट में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद के सबसे पुराने जिला सिविल अस्पताल को जो अपग्रेड करने का फैसला लिया है, वह सराहनीय है क्योंकि यहां प्रतिदिन हजारों गरीब व जरूरतमंद लोग अपना इलाज करवाने के लिए आते है, अस्पताल के अपग्रेड होने से यहां लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। श्री गौड़ ने कहा कि इस बजट में किसानों के हितों का खास ध्यान रखते हुए प्रदेश में सात नए पशु औषधालय और चार नए राजकीय पशु अस्पताल खोले जाने, हिसार में 30 करोड़ की लागत से हरियाणा पशु चिकित्सा महामारी विज्ञान केंद्र बनाने के निर्णय किसानों के लिए लाभकारी साबित होंगे। उन्होंने बजट पर बोलते हुए कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देते हुए बजट में प्रदेश के 25 विद्यालयों को सीएम (ईईई) विद्यालयों के रुप में विकसित किया जाएगा और सभी राजकीय विद्यालयों में एक नवंबर, 2026 से डबल डेस्क की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी वहीं 3,328 राजकीय उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को खेल मैदान के विकास हेतु एक लाख प्रति विद्यालय दिए जाएंगे। इसके अलावा शहरी विकास को बल देते हुए बजट में महाग्राम योजना के तहत 10 गांवों में पेयजल आपूर्ति 55 से बढ़ाकर 135 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन होगी। शहरी क्षेत्रों में 150 किमी लंबी सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। उन्होंने कहा कि नायब सरकार का यह बजट होली के त्यौहार पर प्रदेशवासियों के लिए किसी नायब तोहफे से कम नहीं है।
