हिन्दू-मुस्लिम विवाद के समाधान को लेकर हुई बैठक, दो फैसले लागू
फरीदाबाद। गांव चांदपुर में हाल ही में हुए हिन्दू-मुस्लिम विवाद के समाधान को लेकर सोमवार को गांव के सरपंच एवं सरपंच एसो. के प्रधान सूरजपाल भूरा की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में इस मामले के समाधान के लिए एक 11 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया और इस कमेटी ने पूरे मामले पर गंभीरता से विचार विमर्श करने के बाद दो महत्वपूर्ण फैसले लिए। सरपंच सूरजपाल भूरा ने कहा कि गांव में रहने वाले सभी लोग चाहे वह हिन्दू हो या फिर मुस्लिम सभी में भाईचारा लम्बे समय से चलता आ रहा है,
यह भी पढ़ें
परंतु हाल ही की घटना ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया इसलिए आज बैठक करके यह निर्णय लिया गया है कि भविष्य में इस प्रकार की कोई घटना गांव में न हो। कमेटी ने दो फैसले लिए है, इन फैसलों में पहला गांव में कोई भी मुस्लिम शादी समारोह आयोजित होने पर उसमें नॉनवेज भोजन नहीं बनाया जाएगा, जबकि दूसरा फैसला यह लिया गया कि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर भडकाऊ या दंगों को लेकर उकसाने वाली पोस्ट नहीं करेगा।
बैठक में सभी ने एक स्वर में कहा कि हमारा उद्देश्य गांव में शांति और भाईचारा कायम करना है ताकि हमारी एकजुटता कायम रहे और गांव तरक्की की राह पर अगसर रहे। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गांव में शादी समारोह के दौरान हिन्दू-मुस्लिम परिवारों में किसी मामले को लेकर तनाव हो गया था, जिसे किसी तरह शांत करवाया गया था। ऐसी घटनाएं भविष्य में न हो, इसके लिए एक बैठक आयोजित की गई।
