डीसी आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में बैठक: पल्ला-सेहतपुर में यूएचसी में 50 बेड अस्पताल निर्माण को लेकर अधिकारियों को निर्देश
फरीदाबाद । मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत पल्ला-सेहतपुर क्षेत्र में प्रस्तावित शहरी स्वास्थ्य केंद्र (UHC) में 50 बेड अस्पताल निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के संबंध में आज उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, पशुपालन विभाग तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
समीक्षा बैठक में प्रस्तावित स्वास्थ्य केंद्र के लिए मार्ग की चौड़ाई, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा मानकों तथा आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि फायर सेफ्टी नॉर्म्स के अनुसार भवन तक पहुंचने के लिए पर्याप्त
चौड़ा मार्ग तथा आवश्यक स्थानों पर टर्निंग रेडियस सुनिश्चित किया जाए, ताकि आपातकालीन वाहन बिना किसी बाधा के आवागमन कर सकें।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि अस्पताल भवन के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग बनाए जाने का प्रस्ताव है, जिससे मरीजों, आमजन तथा आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके। वर्तमान मार्ग के संबंध में नगर निगम द्वारा कोई आपत्ति न होने की जानकारी दी गई, जबकि पशुपालन विभाग द्वारा पूर्व में सीमित भूमि उपयोग की अनुमति प्रदान किए जाने का भी उल्लेख किया गया।
यह भी पढ़ें
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मार्ग से संबंधित आवश्यक भूमि, के उपयोग के लिए संबंधित विभागों से औपचारिक सहमति प्राप्त कर प्रक्रिया को पूर्ण किया जाएगा। शिक्षा विभाग से भी आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा शेष न रहे।
डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभागों से एनओसी प्राप्त कर बैठक की कार्यवाही की रिपोर्ट तैयार कर उच्च मुख्यालय को भेजी जाए, ताकि मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत पल्ला-सेहतपुर शहरी स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जा सके।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए लंबित औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण करें।
समीक्षा बैठक में डीडीपीओ प्रामिन्दर, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा, नगर निगम एक्सईन ओमबीर सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
