फरीदाबाद में रसोई गैस की किल्लत, एजेंसियों के बाहर लगी कतारें
फरीदाबाद। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब फरीदाबाद शहर में घरेलू गैस सप्लाई व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। बुधवार को फरीदाबाद व बल्लभगढ़ की अधिकतर गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लगी हुई नजर आई। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग नही कर पा रहे है। जिसके चलते भारी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी पहुंच रहे है। दूसरी तरफ कमर्शियल गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले लोगों को सिलेंडर नही मिल रहा है। इसके अलावा लोगों को सिलेंडर बुकिंग के लिए 4 दिन ज्यादा इंतजार करना होगा, क्योंकि गैस एजेंसियों ने सिलेंडर बुकिंग का समय बढ़ा दिया है। पहले जहां उपभोक्ता 21 दिन बाद नया सिलेंडर बुक कर सकते थे, अब उन्हें 25 दिन का इंतजार करना होगा।
जिले में करीब 7.5 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं, जबकि कमर्शियल गैस उपभोक्ताओं की संख्या 50 हजार से ज्यादा बताई जा रही है। गैस एजेंसियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण लोगों में गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी वजह से सिलेंडर की एडवांस बुकिंग अचानक बढ़ गई है। पहले एक एजेंसी पर रोजाना करीब 500 सिलेंडर की बुकिंग होती थी, लेकिन अब यह संख्या बढक़र लगभग 800 तक पहुंच गई है। ऐसे में बुकिंग के लिए समय बढ़ा दिया गया है। हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। तीन दिन पहले सिलेंडर के दाम में 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी।
यह भी पढ़ें
पहले जो सिलेंडर 855 रुपए में मिल रहा था, वह अब 915 रुपए में मिल रहा है। कीमत बढऩे के बावजूद उपभोक्ताओं की बुकिंग कम नहीं हुई है। फूड एंड सप्लाई विभाग का कहना है कि किसी प्रकार की कोई कमी गैस सिलेंडर की नही है। उन्होंने कहा कि केवल बुकिंग के बीच का अंतर चार दिन बढ़ाया गया है। आम दिनों से ज्यादा उपभोक्ता अपनी बुकिंग कराने और सिलेंडर लेने के लिए पहुंच रहे है। सिलेंडर के बुक हो जाने के बाद उपभोक्ता घर पर पहुंचाने का इंतजार नही कर रहे है और खुद ही सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी आ रहे है। उपभोक्ताओं ने कहा कि आम जनता परेशान हो रही है। सरकार का लोगों की तरफ कोई ध्यान नही है।
उधर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) फरीदाबाद कविता ने स्पष्ट किया है कि जिला फरीदाबाद में एलपीजी गैस की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है और आम नागरिकों को घबराने या अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर जमा करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जिले में गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं। डीएफएससी कविता ने बताया कि फरीदाबाद जिले में बीपीसीएल, एचपीसीएल और आईओसीएल की कुल 45 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। फरीदाबाद में प्रतिदिन औसतन लगभग 20,000 एलपीजी सिलेंडरों की मांग रहती है और वर्तमान में इस मांग के अनुसार पूरी आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। मांग और सप्लाई में किसी प्रकार का कोई अंतर नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक होकर गैस सिलेंडर की जमाखोरी न करें, क्योंकि जिले में गैस की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है।
