नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण की संयुक्त टीम की सख्त कार्रवाई, 13,500 रुपए का लगाया जुर्माना

बाजारों में अभियान और नागरिकों ने ली प्लास्टिक न इस्तेमाल करने की शपथ

फरीदाबाद। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार जिले में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में आज एकल-उपयोग प्लास्टिक को ना कहे अभियान के तहत आज फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के विभिन्न बाजारों में चालान अभियान सफलतापूर्वक चलाया गया। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (बल्लभगढ़ क्षेत्र) के अधिकारियों, जिनमें एसडीओ  विकास कुमार और बल्लभगढ़ नगर निगम के अधिकारी, जिनमें स्वच्छता निरीक्षक ओम अत्री और नरेंद्र शामिल थे, की संयुक्त निरीक्षण टीम ने बल्लभगढ़ स्थित सब्जी मंडी का निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान 06 नंबर दूकान के दुकानदार पर 13,500 रुपए का जुर्माना लगाया। अभियान के दौरान एक जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय विक्रेताओं, श्रमिकों और निवासियों को एकल-उपयोग प्लास्टिक के पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पडऩे वाले हानिकारक प्रभावों के बारे में शिक्षित किया गया। सत्र में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अधिकारियों द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई कि किस प्रकार एकल-उपयोग प्लास्टिक भूमि, जल और वायु को प्रदूषित करता है तथा इसका सीधा प्रभाव मानव स्वास्थ्य, पशुओं और जैव विविधता पर पड़ता है।

उन्होने बताया कि प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता कम होती है, जल स्रोत दूषित होते हैं और प्लास्टिक कचरा लंबे समय तक नष्ट नहीं होता, जिससे गंभीर पर्यावरणीय संकट उत्पन्न होता है। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया और अपने दैनिक जीवन में एकल-उपयोग प्लास्टिक के उपयोग से बचने की शपथ ली।

You might also like