गोच्छी ड्रेन की दोनों तरफ होगी बैरिकेटिंग, केमिकल युक्त पानी डालने वाली कंपनियों पर होगी कार्यवाही: प्रवीन बत्रा जोशी
- महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने किया शहर के चौक-चौराहों व सड़कों का निरीक्षण, अवैध अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई
फरीदाबाद। नगर निगम की महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने आज एनआईटी,बड़खल और एनआईटी जॉन के एरिया में दौरा किया। शहर के चौक-चौराहों और सड़कों की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए स्वयं अधिकारियों के साथ फील्ड में निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए खुले में सरकारी जमीन पर बिना अनुमति के बिल्डिंग मैटेरियल रखने वालों पर कार्रवाई कराई। निगम टीम द्वारा मौके पर ही ऐसे लोगों का सामान जब्त कराया गया तथा बिना अनुमति के चल रहे वॉशिंग स्टेशन भी बंद करवाए गए।
आज सुबह करीब 10 बजे महापौर नगर निगम के अधिकारियों के साथ बीके चौक से चिमनी बाई धर्मशाला होते हुए गोच्छी ड्रेन और सेक्टर-55 तक निरीक्षण पर रहीं। निरीक्षण के दौरान सड़कों के किनारे विभिन्न स्थानों पर निगम द्वारा रखे गए सीवर के बड़े पाइप तथा सरकारी जमीन पर खुले में रखा बिल्डिंग मैटेरियल देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और अधिकारियों को सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
महापौर के निर्देश पर करीब तीन बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारियों का सामान मौके से जब्त कराया गया। बताया गया कि इन पर पहले भी निगम द्वारा चालान किया जा चुका था, लेकिन संबंधित लोगों ने चालान की राशि जमा नहीं कराई थी।
यह भी पढ़ें
निरीक्षण के दौरान महापौर ने गोच्छी ड्रेन के दोनों ओर बैरिकेटिंग कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। साथ ही ड्रेन में फैक्ट्रियों द्वारा डाले जा रहे गंदे केमिकलयुक्त पानी को लेकर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आसपास लगे हुए कमरों की मदद से एसी कंपनियों का रिकॉर्ड एकत्र कर यह पता लगाया जाए कि किस कंपनी द्वारा केमिकल युक्त पानी छोड़ा जा रहा है और उनके खिलाफ चालान जारी किए जाएं। इसके अलावा ऐसे स्थानों पर निगरानी के लिए कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए।
महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने संबंधित अधिकारियों को शहर के सभी चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर बेहतर लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों को पर्याप्त रोशनी मिल सके। साथ ही नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों पर जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर भरवाया जाए।
महापौर ने कहा कि शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। महापौर ने आज बीके चौक, हार्डवेयर चौक,सेक्टर 23,23 ए, एवं सेक्टर 24 चौक,सेक्टर 55 कट, पीर बाबा सोहना बल्लभगढ़ टी पॉइंट से सेक्टर 52,पुलिया आदि एरिया का दौरा किया है।
इस मौके पर जॉइंट कमिश्नर जितेंद्र जोशी,अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह,कार्यकारी अभियंता महिंद्र, पार्षद मनोज नास्वा, और नगर निगम के जेई सहित सफाई संबंधी अधिकारी एवं तोड़फोड़ दस्ता की टीम मौजूद रही।
