लड़कियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना है हमारा कर्तव्य : धर्मपाल यादव

विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल ने मेधावी छात्रों को दी 10 लाख की छात्रवृत्ति

फरीदाबाद। घरौरा स्थित विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए अकादमिक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 10 से 12 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्कूल में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिसमें छात्राओं ने विशेष रूप से बाजी मारी। कार्यक्रम के दौरान यह देखने को मिला कि अधिकांश कक्षाओं में लड़कियों ने शीर्ष स्थान हासिल किया और छात्रवृत्ति प्राप्त की। यह स्कूल की उस नीति का सकारात्मक परिणाम है, जिसके तहत वर्ष 2011 से ही छात्राओं को नि:शुल्क प्रवेश दिया जा रहा है।

इस पहल ने न केवल शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई है, बल्कि बेटियों को आगे बढऩे का मजबूत अवसर भी प्रदान किया है। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने इस पहल की जमकर सराहना की और विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। अभिभावकों ने कहा कि इस तरह की छात्रवृत्ति योजनाएं बच्चों को और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करती हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करती हैं।

बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उमेश कौशिक जी इंचार्ज चांदपुर, रविंदर सरपंच जी प्रेसिडेंट अवॉर्डी, सूरजपाल सरपंच जी, सुरेंद्र त्यागी जी , विक्रम सिंह एडवोकेट जी , डॉ वीरेंद्र जी , कृष्ण जी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यालय की इस मुहिम की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है और इससे बेटियों के सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलता है। विद्यालय चेयरमैन धर्मपाल यादव ने अपने संबोधन में कहा कि उनका उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कार, आत्मविश्वास और सफलता की राह दिखाना है। भविष्य में भी इस प्रकार की छात्रवृत्ति योजनाओं को जारी रखने का आश्वासन दिया गया। यह कार्यक्रम शिक्षा, समानता और प्रेरणा का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया, जिसने समाज में एक सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।

You might also like