छात्रवृत्ति बच्चों को आगे बढऩे के लिए करती है प्रोत्साहित : मूलचंद शर्मा

विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल में नन्हे विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरण

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के सेक्टर-2 स्थित विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल में आज एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नर्सरी से लेकर दूसरी कक्षा तक के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के चेक वितरित किए गए। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बल्लभगढ़ के विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा रहे, जिन्होंने अपने करकमलों से बच्चों को सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के चेयरमैन धर्मपाल यादव द्वारा मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने श्री मूलचंद शर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक उपलब्धियों से अवगत कराया।

इस अवसर पर स्कूल का वातावरण उत्साह और खुशी से भरा हुआ नजर आया। मुख्य अतिथि मूलचंद शर्मा ने अपने संबोधन में विद्यालय की छात्रवृत्ति योजना की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल न केवल बच्चों को प्रोत्साहित करती है, बल्कि उनमें आगे बढऩे की प्रेरणा भी जगाती है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की ‘संस्कार ही शिक्षा है’ सोच को सराहनीय बताया और कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे प्रयास समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने भी विद्यालय द्वारा वार्षिक परिणाम वितरण की इस अनोखी और प्रभावशाली शैली की खूब प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को इस प्रकार सम्मानित करना उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है और पढ़ाई के प्रति उनकी रुचि को और मजबूत करता है। अंत में विद्यालय डायरेक्टर सुनीता यादव ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और अपने पूरे स्कूल स्टाफ का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया। यह आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित हुआ।

You might also like