फरीदाबाद। दिनांक 28/3/2026 को फरीदाबाद सेक्टर–21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में नव-प्रवेशित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए “परिचय” नामक ओरिएंटेशन कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय एवं सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नए अभिभावकों का विद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें विद्यालय की कार्यप्रणाली, सिद्धांतों एवं मूल्यों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय परंपरा के अनुसार दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। इसके बाद विद्यालय के छात्रों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने सभी का मन मोह लिया। सरस्वती वंदना पर आधारित सुंदर नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक गरिमा और भावनात्मक जुड़ाव को और भी बढ़ा दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड श्रीमती मुक्ता सचदेव, प्रधानाचार्या श्रीमती नरजीत कौर तथा अभिभावक भी उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति से कार्यक्रम और भी विशेष बन गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की सभी कोऑर्डिनेटरों एवं काउंसिलर ने अभिभावकों को जीवा पब्लिक स्कूल की शिक्षण पद्धति, मूलभूत सिद्धांतों एवं नवीन तकनीकों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि विद्यालय प्रत्येक छात्र के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उसके भावनात्मक, सामाजिक एवं नैतिक विकास को भी समान रूप से प्राथमिकता देता है।
इस अवसर पर आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. कुलदीप सोलंकी ने आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली एवं प्राकृतिक उपचार की उपयोगिता को सरल एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसने अभिभावकों को गहराई से प्रभावित किया।
यह भी पढ़ें
“परिचय” कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय ने यह संदेश सशक्त रूप से प्रस्तुत किया कि शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं होती, बल्कि घर और विद्यालय के सामंजस्यपूर्ण सहयोग से ही एक सशक्त व्यक्तित्व का निर्माण संभव होता है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के अध्यक्ष श्री ऋषिपाल चौहान ने सभी अभिभावकों का हार्दिक स्वागत एवं अभिवादन किया। उन्होंने “जीवा लर्निंग सिस्टम” के विषय में विस्तार से बताते हुए कहा कि यह एक समग्र एवं मूल्य-आधारित शिक्षा पद्धति है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से सक्षम बनाना ही नहीं, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है।
उन्होंने अपने विचारों को व्यक्त करते हुए कहा
“जीवा लर्निंग सिस्टम के माध्यम से हम प्रत्येक बच्चे की जिज्ञासा, सृजनात्मकता और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करते हैं, ताकि वे केवल ज्ञानवान ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, जिम्मेदार एवं सफल नागरिक बन सकें।”
समग्र रूप से यह “परिचय” कार्यक्रम अभिभावकों एवं विद्यालय के मध्य विश्वास, सहयोग एवं सहभागिता की एक सशक्त शुरुआत सिद्ध हुआ।
